टीएमसी पण्डोपारा के झिलमिली स्टोर में 50 लाख की चोरी का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

---Advertisement---

टीएमसी पण्डोपारा के झिलमिली स्टोर में 50 लाख की चोरी का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

कोरिया पुलिस की कार्यवाही

कोरिया। थाना पटना क्षेत्र के पण्डोपारा स्थित टीएमसी कंपनी के झिलमिली साइड स्टोर में हुई करीब 50 लाख रुपयों के माल की चोरी का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी किये गये कीमती धातु के पार्ट्स में से करीब 40 लाख रुपयों का सामान बरामद किया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश और शेष चोरी के माल की बरामदगी के लिये पुलिस की कार्यवाही जारी है

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार 21-22 अगस्त 2026 की दरम्यानी रात टीएमसी कंपनी के झिलमिली साइड स्थित स्टोर की छत की सीट उखाड़कर चोर अंदर दाखिल हुए और कोयला उत्खनन में उपयोग होने वाली मशीनों के तांबा, पीतल और कांसा से निर्मित महंगे पार्ट्स चोरी कर ले गये। घटना के संबंध में परियोजना प्रबंधक श्यामल मैती ने 24 अगस्त को थाना पटना में शिकायत दर्ज कराई। चोरी गये सामान की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 228/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के प्रावधानों के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मुखबिर सूचना से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह के निर्देश तथा एसडीओपी श्रीमती आशा सेन और राजेश साहू के मार्गदर्शन में थाना पटना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय करने के साथ संदिग्धों से पूछताछ की। सघन पूछताछ में घटना से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आये

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने 21-22 अगस्त की रात करीब 9-10 लोगों के समूह में वारदात को अंजाम दिया था। चोरी करने के बाद सामान को एक दिन तक बड़सरा जंगल में छिपाकर रखा गया। इसके बाद चोरी का माल चरचा निवासी कबाड़ी अब्दुल वासिब उर्फ गोलू को बेचा गया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कबाड़ी गोलू के कब्जे से तांबा, पीतल और कांसा से बने करीब 40 लाख रुपये मूल्य के महंगे मशीन पार्ट्स बरामद किये हैं वहीं आरोपियों के कब्जे से घटना के दौरान इस्तेमाल के लिये रखी गई तीन तलवारें, टॉर्च, मोबाइल फोन और 1,500 रुपये नगद भी जब्त किये गये हैं।

मामले में चार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने चोरी के मामले में किशन कुमार पिता राजेन्द्र उम्र 24 वर्ष,
मंगलराम उर्फ गोलू पिता स्व. जनक राम बसोर उम्र 24 वर्ष, करन पिता चंद्रप्रसाद बसोर उम्र 24 वर्ष, अब्दुल वासिब उर्फ गोलू मियां पिता अब्दुल कमाल उम्र 30 वर्ष
को गिरफ्तार किया है। आरोपी घुटरी दफाई थाना चरचा और ग्राम पूटा थाना पटना क्षेत्र के निवासी बताये गये हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है

पुलिस के मुताबिक आरोपियों के विरुद्ध थाना पटना, चरचा और बैकुंठपुर क्षेत्र में चोरी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आये हैं। मामले में चोरी हुए आधे से अधिक माल की बरामदगी की जा चुकी है। शेष माल और फरार आरोपियों की तलाश जारी है साथ ही चोरी के माल की खरीद फरोख्त में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

सायबर सेल सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका

चोरी की इस बड़ी वारदात के खुलासे में पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यवाही में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह, एसडीओपी श्रीमती आशा सेन और राजेश साहू तथा थाना प्रभारी प्रमोद पाण्डेय के मार्गदर्शन में टीम ने लगातार काम किया। सायबर सेल प्रभारी निरीक्षक अमोल खलखो, प्रधान आरक्षक अरविंद कौल, आरक्षक अमरेशा ठाकुर, शिवम सिन्हा, सजल जायसवाल, राघवेन्द्र पुरी, राजेश रगड़ा, अमल कुजूर, विवेचक उप निरीक्षक राजाराम राठिया, सहायक उप निरीक्षक इन्द्रजीत सिंह, प्रधान आरक्षक सत्येन्द्र तिवारी, संदीप साय, अजित राजवाड़े, प्रशिक्षु उप निरीक्षक दिकेश्वर, आकाश तथा सैनिक विकास सिंह एवं राजेश का आरोपियों की पतासाजी, गिरफ्तारी और जब्ती कार्यवाही में अहम योगदान रहा।

एसपी ने आमजन से की सहयोग की अपील

पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर ने आमजन से अपील की है कि अपराध और चोरी की घटनाओं की रोकथाम में पुलिस को आम नागरिकों से मिलने वाली सूचनाएं महत्वपूर्ण होती हैं। किसी संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि अथवा चोरी के सामान की खरीद फरोख्त की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जायेगी

उन्होंने कहा कि थाना पटना पुलिस द्वारा चोरी तथा चोरी के माल की खरीद फरोख्त में संलिप्त लोगों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्यवाही की जा रही है

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment