ग्रामीणों तक पहुंचेगा निःशुल्क न्याय, उमरगोहान में लीगल एड क्लीनिक की स्थापना
रिपोर्टर सुमिता शर्मा, राजनगर
उमरगोहान/पुष्पराजगढ़। मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार तथा माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनूपपुर श्रीमती माया विश्वलाल के मार्गदर्शन में नालसा की ग्रासरूट स्तर पर 60 दिवसीय मेगा ड्राइव के अंतर्गत प्रथम दिवस ग्राम उमरगोहान, ग्राम पंचायत पोंडकी, तहसील पुष्पराजगढ़ में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम उमरगोहान स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में लीगल एड क्लीनिक की स्थापना की गई। साथ ही ग्रामीणों को उनके अधिकारों, कानूनी प्रावधानों तथा निःशुल्क विधिक सहायता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराई गई। शिविर में उपस्थित ग्रामीणों को नालसा की ‘शिक्षा स्कीम 2026’ सहित विभिन्न विधिक सेवा योजनाओं की जानकारी दी गई।
शिविर के दौरान ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी व्यक्तिगत समस्याओं एवं विभिन्न कानूनी जिज्ञासाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उपस्थित लोगों को बताया गया कि जरूरतमंद एवं पात्र व्यक्तियों को विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है। इसके साथ ही ग्रामीणों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी प्रकार की कानूनी समस्या होने पर उचित विधिक मार्गदर्शन प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया।
अधिकारियों एवं विधिक सेवा से जुड़े प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को बताया कि नालसा की 60 दिवसीय मेगा ड्राइव का प्रमुख उद्देश्य न्याय व्यवस्था एवं कानूनी सहायता को ग्रामीण क्षेत्रों के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसके माध्यम से ऐसे लोगों को भी विधिक सेवाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, जो आर्थिक अथवा सामाजिक कारणों से न्यायिक सहायता प्राप्त करने में कठिनाई महसूस करते हैं।
कार्यक्रम में ग्रामीणों को विभिन्न नालसा योजनाओं, निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया तथा अपने कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। लीगल एड क्लीनिक की स्थापना से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर विधिक मार्गदर्शन एवं सहायता प्राप्त करने का महत्वपूर्ण माध्यम उपलब्ध हुआ है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित इस पहल को ग्रामीणों के लिए उपयोगी बताते हुए उपस्थित लोगों ने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से उन्हें कानून की जानकारी सरल भाषा में मिलती है और अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सही दिशा भी प्राप्त होती है।
60 दिवसीय मेगा ड्राइव का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाना, जरूरतमंद लोगों को उनके अधिकारों की जानकारी देना तथा नालसा की विभिन्न योजनाओं एवं निःशुल्क विधिक सेवाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना है। उमरगोहान में आयोजित यह कार्यक्रम इसी उद्देश्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




























































