नाबालिग के अपहरण व दुष्कर्म मामले में फरार आरोपी हैदराबाद से गिरफ्तार
बिजुरी पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दबिश देकर आरोपी को पकड़ा, न्यायिक हिरासत में भेजा
बिजुरी। नाबालिग बालिका के अपहरण एवं दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी को बिजुरी पुलिस ने तेलंगाना के हैदराबाद से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 7 अप्रैल 2026 की रात्रि एक नाबालिग बालिका अपने घर के बाहर से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। परिजनों द्वारा आसपास के क्षेत्रों सहित रिश्तेदारों के यहां तलाश की गई, लेकिन बालिका का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद परिजनों की सूचना पर पुलिस ने गुमशुदगी एवं अपहरण की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और साइबर सेल की सहायता से नाबालिग बालिका को सुरक्षित दस्तयाब किया। न्यायालय के समक्ष दर्ज कराए गए कथनों के आधार पर प्रकरण में दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी।
जांच के दौरान साइबर सेल से प्राप्त तकनीकी जानकारियों के आधार पर पुलिस को आरोपी ध्रुव प्रताप सिंह, उम्र 19 वर्ष, निवासी माईनस कॉलोनी बिजुरी के हैदराबाद में होने की जानकारी मिली। इसके बाद बिजुरी पुलिस की टीम ने हैदराबाद पहुंचकर संभावित ठिकाने पर दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
उक्त कार्रवाई में बिजुरी थाना निरीक्षक विकास सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्रवाई में विपुल शुक्ला, पंकज मिश्रा, राजेन्द्र अहिरवार और विश्वजीत मिश्रा का भी उल्लेखनीय योगदान रहा।



























































