समाज की एकजुटता और विस्तार पर जोर गांव-गांव पहुंचेगा महरा वस्त्रकार समाज

---Advertisement---

समाज की एकजुटता और विस्तार पर जोर

गांव-गांव पहुंचेगा महरा वस्त्रकार समाज

एमसीबी/बिलासपुर। महरा वस्त्रकार समाज को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और समाज के लोगों के बीच आपसी संपर्क बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। रविवार 23 अगस्त को बिलासपुर के शांतिनगर में समाज की बैठक आयोजित हुई। संरक्षक आर.एस. मेहरा के तत्वावधान में हुई इस बैठक में आगामी संगठनात्मक चुनाव सहित समाज से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष गणेश राम मेहरा विशेष रूप से शामिल हुए। उनके साथ कोर कमेटी के सदस्य, जिला पदाधिकारी और समाज के वरिष्ठ एवं सक्रिय सदस्य मौजूद रहे। बैठक में आगामी चुनाव की तैयारियों, संगठनात्मक गतिविधियों और समाज को गांव स्तर तक सक्रिय बनाने को लेकर पदाधिकारियों ने अपने सुझाव रखे

बैठक में समाज के बीच व्यापक जागरूकता अभियान चलाने का विषय भी प्रमुखता से सामने आया। तय किया गया कि आने वाले समय में गांव-गांव संपर्क कर समाज के लोगों को संगठन की गतिविधियों से जोड़ा जायेगा साथ ही अधिक से अधिक सामाजिक बंधुओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिये स्थानीय स्तर पर संवाद और बैठकों को बढ़ावा दिया जायेगा

प्रदेश अध्यक्ष गणेश राम मेहरा ने कहा कि समाज की ताकत उसके सदस्यों की संख्या से नहीं बल्कि उनकी एकजुटता और संगठन के प्रति जिम्मेदारी से तय होती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज को मजबूत बनाने के लिये हर गांव और हर परिवार तक पहुंचना जरूरी है। इसके लिये संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव समाज के लिये केवल पदों का चयन नहीं बल्कि संगठन को नई दिशा देने का अवसर है। चुनाव प्रक्रिया में सभी की सहभागिता और आपसी सम्मान बनाये रखते हुए समाजहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिये। उन्होंने वरिष्ठजनों के अनुभव और युवाओं की ऊर्जा को साथ लेकर आगे बढ़ने पर जोर दिया

प्रदेश अध्यक्ष ने आगे कहा कि गांव गांव चलाया जाने वाला जागरूकता अभियान समाज के बीच संवाद की नई कड़ी तैयार करेगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले समाज के लोगों को संगठन से जोड़ने के साथ उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को समझने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने समाज के युवाओं से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों और सदस्यों ने समाज को संगठित, सक्रिय और मजबूत बनाने के लिये अपने सुझाव दिये। इस दौरान संगठन की आगामी गतिविधियों को लेकर आपसी समन्वय के साथ आगे बढ़ने पर सहमति बनी

इस अवसर पर डहकराम वस्त्रकार, द्वारिका वस्त्रकार, रमेश वस्त्रकार, लालेश्वर मेहरा, रामाधार वस्त्रकार, धर्मेंद्र वस्त्रकार, राजू वस्त्रकार, विजय वस्त्रकार, शिव कुमार वस्त्रकार ‘नेताजी’ सहित समाज के अनेक पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। बैठक का समापन समाज की एकता, संगठनात्मक मजबूती और गांव गांव जनसंपर्क अभियान को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment