हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा श्रीराम मंदिर
शिव महापुराण कथा में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़
मनेन्द्रगढ़। सावन मास की आध्यात्मिक छटा के बीच शहर के हृदयस्थल स्थित श्रीराम मंदिर में चल रही श्री शिव महापुराण कथा श्रद्धालुओं के लिये आस्था और भक्ति का प्रमुख केंद्र बनी हुई है। कथा के दौरान मंदिर परिसर में हर हर महादेव के जयघोष गूंज रहे हैं और बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव की महिमा का श्रवण करने पहुंच रहे हैं।
श्रीराम मंदिर ट्रस्ट और मनेन्द्रगढ़वासियों के सहयोग से आयोजित कथा का शुभारंभ 19 अगस्त को हुआ। कथा प्रतिदिन शाम 4 से 7 बजे तक आयोजित की जा रही है। कथा व्यास वृंदावन से पधारे प्रसिद्ध कथावाचक श्री गर्भदास जी महाराज (सीता-राम जी महाराज) अपनी संगीतमय और भावपूर्ण शैली में शिव महापुराण के प्रसंगों का वर्णन कर रहे हैं
कथा के दौरान महाराज ने भगवान शिव की महिमा के साथ धर्म, भक्ति, विद्या और निष्काम सेवा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि केवल धन अर्जित करना ही जीवन का उद्देश्य नहीं होना चाहिये बल्कि ऐसी विद्या और ज्ञान प्राप्त करना चाहिये जो मनुष्य को सदमार्ग दिखाये और भगवान की प्राप्ति की दिशा में ले जाये। उन्होंने स्वामी तुलसीदास जी महाराज का उल्लेख करते हुए कहा कि अखंड ज्ञान की प्राप्ति ही श्रेष्ठ विद्या है और भगवान श्रीराम का ध्यान ही उस ज्ञान का सार है। उन्होंने श्रद्धालुओं से धर्म का पालन करते हुए जीवन को सार्थक बनाने का संदेश दिया
कथावाचक ने कहा कि भगवान के चरणों की सेवा ही साधना का महत्वपूर्ण स्वरूप है। सेवा यदि किसी स्वार्थ या अपेक्षा के बिना की जाये तो वही सच्ची भक्ति बन जाती है। उन्होंने श्रद्धालुओं से मन, वचन और कर्म से भगवान का स्मरण करने का आह्वान किया। कथा में भगवान शंकर, माता पार्वती और श्री हनुमान से जुड़े प्रसंगों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति, त्याग और सेवा का संदेश दिया गया। कथा के दौरान भजनों और आध्यात्मिक प्रसंगों ने वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया।
कथा के तीसरे दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। प्रवचन के बाद सामूहिक आरती हुई जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। आरती के दौरान मंदिर परिसर में भक्ति और श्रद्धा का विशेष माहौल देखने को मिला
श्रीराम मंदिर ट्रस्ट के सचिव रघुनाथ पोद्दार ने श्रद्धालुओं से सावन पर्व के इस पावन अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में श्री शिव महापुराण कथा में शामिल होकर भगवान शिव की महिमा का श्रवण करने और पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है। कथा का आयोजन 27 अगस्त तक किया जा रहा है।आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में प्रतिदिन श्रद्धालुओं की अच्छी उपस्थिति देखी जा रही है।












































