पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता- एसडीएम श्री वसीम अहमद भट्ट

---Advertisement---

 

पर्यटन स्थलों पर महिला सुरक्षा को लेकर समीक्षा बैठक संपन्न

अनूपपुर 20अगस्त 2026/ कलेक्टर श्री रत्नाकर झा के निर्देशन में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पुष्पराजगढ़ श्री वसीम अहमद भट्ट की अध्यक्षता में सर्किट हाउस अमरकंटक के सभागार में महिला एवं बाल विकास विभाग की ‘मिशन शक्ति’ तथा मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड की ‘महिलाओं हेतु सुरक्षित पर्यटन स्थल परियोजना’ के अंतर्गत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य धार्मिक एवं पर्यटन नगरी अमरकंटक में आने वाले पर्यटकों, विशेषकर महिला पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा करना एवं प्रभावी कार्ययोजना तैयार करना रहा।

बैठक में एसडीएम श्री भट्ट ने संबंधित विभागों के अधिकारियों, अशासकीय संस्थाओं, स्थानीय प्रतिनिधियों एवं पर्यटन से जुड़े हितधारकों को पर्यटकों की सुरक्षा एवं सुविधाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पर्यटन स्थलों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, यातायात एवं पार्किंग की समुचित व्यवस्था, स्वच्छता तथा सार्वजनिक स्थलों पर महिला हेल्पलाइन नंबर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।

एसडीएम श्री भट्ट ने कहा कि मां नर्मदा की उद्गम स्थली अमरकंटक में आने वाले प्रत्येक पर्यटक की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। अमरकंटक की पहचान धार्मिक आस्था और प्राकृतिक सौंदर्य के साथ-साथ अपनी अतिथि-सत्कार की परंपरा के लिए भी है। इसलिए स्थानीय नागरिकों, पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों और संबंधित विभागों को सामूहिक जिम्मेदारी के साथ यह सुनिश्चित करना होगा कि पर्यटकों के साथ किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी अथवा असुविधा न हो।

उन्होंने कहा कि पर्यटकों को बेहतर एवं सुखद अनुभव उपलब्ध कराने के लिए टैक्सी चालकों को आवश्यक प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए। टैक्सी चालकों का व्यवहार पर्यटकों के अनुभव और अमरकंटक की छवि पर सीधा प्रभाव डालता है। उन्होंने सभी होटल एवं आश्रम संचालकों को निर्धारित किराया सूची प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित करने तथा टैक्सी चालकों को निर्धारित दरों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में महिला पर्यटकों की सुरक्षा के साथ-साथ पर्यटन स्थलों पर महिला हितधारकों की भागीदारी, स्थानीय मार्गदर्शकों की भूमिका, पुलिस एवं वन विभाग के समन्वय, सार्वजनिक सुविधाओं तथा पर्यटकों के लिए सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण तैयार करने से संबंधित विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की गई।

बैठक में सहायक संचालक महिला एवं बाल विकास विभाग श्रीमती मंजूषा शर्मा, स्थानीय शिकायत समिति की अध्यक्ष श्रीमती सुमिता शर्मा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी अमरकंटक श्री चैन सिंह परस्ते, मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड के पर्यटन प्रबंधक श्री अजय अग्रवाल, पुलिस एवं वन विभाग के अधिकारी, अमरकंटक परिवहन संघ के अध्यक्ष श्री आदित्य जायसवाल सहित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, महिला हितधारक एवं स्थानीय मार्गदर्शक उपस्थित रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

August 21, 2026

August 21, 2026

August 21, 2026

August 21, 2026

August 21, 2026

August 21, 2026

Leave a Comment