संत रविदास जी महाराज मानवता और सामाजिक समरसता के अमर पुरोधा थे-अध्यक्ष राज अनुसूचित जनजाति आयोग श्री रामलाल रौतेल
समरसता संकल्प अभियान के अंतर्गत कलश वंदन यात्रा का हुआ शुभारंभ
हरी झंडी दिखाकर कलेक्ट्रेट कार्यालय से कलश वंदन यात्रा हुई रवाना
अनूपपुर 20 अगस्त 2026/राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष श्री रामलाल रौतेल ने कहा कि संत शिरोमणि रविदास जी महाराज भक्ति, संत परंपरा एवं मानवता के अमर पुरोधा थे। उन्होंने जाति-पाति, ऊंच-नीच तथा सामाजिक भेदभाव का सदैव विरोध करते हुए सभी मनुष्यों को समान सम्मान और अधिकार देने का संदेश दिया। वे निर्गुण भक्ति के महान उपासक, समाज सुधारक एवं मानवतावादी संत थे, जिन्होंने अपने विचारों और आदर्शों के माध्यम से समाज को नई दिशा प्रदान की। अध्यक्ष श्री रौतेल कलेक्ट्रेट कार्यालय में संत शिरोमणि रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर समरसता संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित कलश वंदन यात्रा के शुभारंभ अवसर पर संबोधित कर रहे थे।
अध्यक्ष श्री रामलाल रौतेल कहा कि संत रविदास जी का जीवन और उनकी शिक्षाएं आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने मानव मात्र में समानता, प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता की भावना को सर्वोपरि माना। उनके विचारों ने समाज में व्याप्त कुरीतियों एवं भेदभाव के विरुद्ध जनजागरण का कार्य किया। संत रविदास जी ने अपने आचरण और संदेश के माध्यम से समाज को एकता, सद्भाव और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।
कलेक्ट्रेट कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मध्य प्रदेश राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष श्री रामलाल रौतेल, कलेक्टर श्री रत्नाकर झा, पुलिस अधीक्षक श्री विक्रांत मुराब, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रीति रमेश सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी, अपर कलेक्टर श्री बलबीर रमन एवं उपाध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती पार्वती वाल्मीकि राठौर सहित अन्य अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने संत शिरोमणि रविदास जी महाराज की प्रतिमा एवं छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात पावन कलश वंदन यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
कार्यक्रम के दौरान संत शिरोमणि रविदास जी महाराज के जीवन, उनके आदर्शों तथा समाज के लिए दिए गए संदेशों पर विद्वतापूर्वक प्रकाश डाला गया। इस अवसर पर सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग सुश्री सरिता नायक सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


































