ठग्गांव स्कूल की 18 छात्राओं को मिली साइकिल स्वास्थ्य मंत्री ने कहा गांवों में विकास की बदल रही तस्वीर

---Advertisement---

ठग्गांव स्कूल की 18 छात्राओं को मिली साइकिल

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा गांवों में विकास की बदल रही तस्वीर

खड़गवां/एमसीबी। शासकीय स्कूल ठग्गांव में सत्र 2026-27 के तहत कक्षा 9वीं की छात्राओं के लिये साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 18 छात्राओं को साइकिल वितरण योजना का लाभ मिला। साइकिल मिलने से छात्राओं में उत्साह नजर आया और उन्होंने इसे स्कूल आने जाने में सुविधा के साथ अपनी पढ़ाई जारी रखने में सहायक बताया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। छात्राओं ने बैच लगाकर मुख्य अतिथि मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, प्राचार्य नीतू सहित अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में विद्यालय की सचिव वंदना, शिक्षक शिक्षिकाएं, जनप्रतिनिधि, छात्राएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

गांव की समस्याएं भी सामने आईं

साइकिल वितरण कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों और विद्यालय प्रबंधन ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया। बताया गया कि मोटर चोरी होने के कारण विद्यालय में पानी की समस्या बनी हुई है। इसके अलावा ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण की गतिविधियों की जानकारी दी गई और विद्यालय की करीब पांच एकड़ भूमि पर अतिक्रमण की समस्या भी सामने रखी गई।
विद्यालय परिसर की सुरक्षा के लिये बाउंड्रीवाल निर्माण और मैदान के समतलीकरण की मांग भी रखी गई। ग्रामीणों ने बताया कि बाउंड्रीवाल और मैदान से जुड़ी मांग लंबे समय से लंबित है वहीं सरपंच ने गांव में 189 आवास स्वीकृत होने की जानकारी दी।

मंत्री बोले बुनियादी सुविधाओं पर लगातार काम

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, सीसी रोड, पुल-पुलिया सहित बुनियादी सुविधाओं से जुड़े अनेक कार्य कराये जा रहे हैं। कई कार्य पूर्ण हो चुके हैं जबकि कई कार्य प्रगति पर हैं। उन्होंने कहा कि गांवों में विकास की तस्वीर लगातार बदल रही है और सरकार का प्रयास है कि ग्रामीणों को शहरों जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हों।
मंत्री ने महतारी सदन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि पंचायत स्तर पर महिलाओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सहभागिता और सशक्तिकरण भारतीय सामाजिक व्यवस्था में हमेशा महत्वपूर्ण रहा है और सरकारी योजनाओं के माध्यम से इसे और मजबूत किया जा रहा है।

योजनाओं से बदली गांवों की तस्वीर

मंत्री ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले ग्रामीण क्षेत्रों में अनेक परिवारों के पास शौचालय जैसी मूलभूत सुविधा भी उपलब्ध नहीं थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप मिला और ग्रामीण क्षेत्रों में शौचालय निर्माण के साथ जागरूकता भी बढ़ी है।
उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में गांवों में पक्के मकान, सड़क, बिजली, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हुआ है जिससे ग्रामीण परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।

बच्चों से सीधा संवाद

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने स्कूली बच्चों से संवाद करते हुए पूछा कि कितने विद्यार्थियों के घर पक्के मकान बन चुके हैं। मौजूद विद्यार्थियों में करीब 90 प्रतिशत ने हाथ उठाकर ‘हां’ में जवाब दिया। मंत्री ने इसे आवास योजनाओं की ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंच का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि छात्राओं को साइकिल उपलब्ध कराने का उद्देश्य केवल आवागमन की सुविधा देना नहीं बल्कि उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने और शिक्षा जारी रखने के लिये प्रोत्साहित करना भी है। उन्होंने छात्राओं से मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य हासिल करने का आह्वान किया।

समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश

विद्यालय में पानी की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने ग्राम पंचायत सचिव को तत्काल मोटर उपलब्ध कराने के निर्देश दिये वहीं विद्यालय की भूमि पर हो रहे अतिक्रमण के समाधान के लिये पंचायत स्तर पर आवश्यक पहल करने पर जोर दिया। बाउंड्रीवाल और मैदान के समतलीकरण सहित अन्य मांगों पर भी आवश्यक कार्यवाही का भरोसा दिलाया गया

कार्यक्रम के दौरान साइकिल वितरण के साथ शिक्षा, पेयजल, विद्यालय की सुरक्षा और ग्रामीण बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। ग्रामीणों ने समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

Leave a Comment