महिला की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मेट्रो हॉस्पिटल पहुंचकर दस्तावेज किये जब्त
सीएमएचओ के निर्देश पर हुई कार्यवाही
मनेन्द्रगढ़। सिरौली निवासी एक महिला की उपचार के दौरान हुई मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने जांच शुरू कर दी है। परिजनों की शिकायत के बाद मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम मेट्रो हॉस्पिटल पहुंची और मामले से जुड़े आवश्यक दस्तावेज अपने कब्जे में लिये
जानकारी के अनुसार महिला पेट दर्द की शिकायत से परेशान थी और उपचार के लिये मेट्रो हॉस्पिटल पहुंची थी। बताया जा रहा है कि महिला का ऑपरेशन किये जाने के बाद उसकी स्थिति को देखते हुए उसे आगे के उपचार के लिये रिफर किया गया था। इसके बाद महिला की मौत हो गई। घटना को लेकर परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग में शिकायत दर्ज कराते हुए उपचार प्रक्रिया की जांच की मांग की थी
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल पहुंचकर उपचार से संबंधित दस्तावेज, मेडिकल रिकॉर्ड सहित आवश्यक अभिलेखों को जांच के लिये जप्त किया। टीम द्वारा अस्पताल में उपलब्ध रिकॉर्ड और उपचार प्रक्रिया से जुड़े तथ्यों का परीक्षण किया जा रहा है
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के दौरान आवश्यक दस्तावेज और तथ्यों का परीक्षण किया जायेगा। उन्होंने कहा कि आवश्यक परीक्षण एवं जांच के बाद मामले में जो तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर उचित कार्यवाही की जायेगी
स्वास्थ्य विभाग की इस कार्यवाही के बाद अब जांच रिपोर्ट का इंतजार है जिसके आधार पर महिला के उपचार और रिफर किये जाने की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




































