साइबर ठगी से बचाव के लिये आईसेक्ट कोचिंग में पुलिस ने विद्यार्थियों को किया जागरूक

---Advertisement---

साइबर ठगी से बचाव के लिये आईसेक्ट कोचिंग में पुलिस ने विद्यार्थियों को किया जागरूक

मनेन्द्रगढ़। मोबाइल और इंटरनेट के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर अपराधों के मामले भी सामने आ रहे हैं। ऐसे में लोगों को ऑनलाइन ठगी के तरीकों और उससे बचाव के उपायों की जानकारी देने के लिए मनेन्द्रगढ़ पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इसी कड़ी में 19 अगस्त को आईसेक्ट कोचिंग सेंटर बस स्टैंड मनेन्द्रगढ़ में साइबर जागृति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
पुलिस अधीक्षक एमसीबी श्रीमती रत्ना सिंह (आईपीएस) के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में सिटी कोतवाली मनेन्द्रगढ़ पुलिस टीम ने थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक पाटले के नेतृत्व में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कोचिंग स्टाफ को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक पाटले ने विद्यार्थियों को समझाया कि साइबर ठग अक्सर अनजान नंबरों से कॉल कर, फर्जी मैसेज भेजकर, संदिग्ध लिंक साझा कर या APK फाइल डाउनलोड कराने के नाम पर लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं। फर्जी वीडियो कॉल और विभिन्न बहानों से निजी और बैंकिंग जानकारी हासिल करने के प्रयासों से भी सतर्क रहने की सलाह दी गई।
सावधानी ही सबसे बड़ी सुरक्षा का संदेश देते हुए पुलिस ने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर ओटीपी, पासवर्ड, बैंक संबंधी जानकारी या निजी दस्तावेजों की जानकारी साझा नहीं करनी चाहिये। किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने अथवा अनजान एपीके फाइल डाउनलोड करने से भी बचना चाहिये।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों के मोबाइल फोन में साइबर जागृति अभियान का क्यूआर कोड स्कैन कराया गया साथ ही अभियान को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से उपस्थित प्रतिभागियों ने सेल्फी लेकर सोशल मीडिया के माध्यम से साइबर जागरूकता का संदेश प्रसारित किया।
पुलिस ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं साइबर अपराधों के प्रति सजग रहें और अपने परिवार एवं परिचितों को भी ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी दें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध साइबर गतिविधि सामने आने पर बिना देर किये पुलिस को सूचना देने की अपील की गई।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment