पौधारोपण से पर्यावरण संरक्षण का संदेश, निपनिया बीट में न्यायपालिका और वन विभाग ने मिलकर रोपे पौधे

---Advertisement---

पौधारोपण से पर्यावरण संरक्षण का संदेश, निपनिया बीट में न्यायपालिका और वन विभाग ने मिलकर रोपे पौधे

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला अधिवक्ता संघ एवं दक्षिण वन मंडल के संयुक्त समन्वय से वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित

कोयलांचल समाचार के लिए ब्यूरो रिपोर्ट अरुण कुमार द्विवेदी, शहडोल से

शहडोल। मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर एवं मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार दक्षिण वन मंडल शहडोल के निपनिया बीट में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला न्यायालय, जिला अधिवक्ता संघ एवं दक्षिण वन मंडल के संयुक्त समन्वय से आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शहडोल काशीनाथ सिंह ने की। उनकी धर्मपत्नी अर्पणा सिंह की भी कार्यक्रम में गरिमामयी उपस्थिति रही

कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा निपनिया शासकीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पौधारोपण किया। ‘उल्लास—जॉय एंड टुगेदर’ कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ लगाए गए पौधों की देखभाल और सुरक्षा के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा

न्यायिक अधिकारियों एवं अधिवक्ताओं ने लिया हिस्सा

कार्यक्रम में विशेष न्यायाधीश एसटी-एससी एक्ट दीपाली शर्मा, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश विवेक शर्मा, कमलेश कुमार कोल, केपी सिंह, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट राजेंद्र सिंह सिंगार, न्यायिक मजिस्ट्रेट सीता शरण यादव, अदिति कुमार शर्मा, प्रीति सिंह बघेल, अरविंद मीना एवं अभिसारिका महुने सहित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव स्वेता परते तिवारी तथा जिला विधिक सहायता अधिकारी देवेंद्र सिंह परस्ते मौजूद रहे

जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष राकेश सिंह बघेल, उपाध्यक्ष सतीश पाठक एवं सचिव अनिल तिवारी सहित अन्य अधिवक्ताओं ने भी पौधारोपण अभियान में सहभागिता की

वन विभाग के अधिकारियों ने भी बढ़ाया उत्साह

दक्षिण वन मंडल से डीएफओ श्रद्धा पंद्रे, वनमंडल अधिकारी दक्षिण शहडोल संतोष कुमार शुक्ला, उपवनमंडल अधिकारी सोहागपुर विनायक कुमार गौतम, वन परिक्षेत्र अधिकारी शहडोल श्रीप्रकाश शुक्ला, परिक्षेत्र सहायक बड़खेड़ा राजेन्द्र तिवारी सहित बीटगार्ड विजय कुमार प्रजापति, इंद्रमणि तिवारी, सुरेश कुमार बैगा एवं गणेश सिंह उपस्थित रहे। प्रबंधक प्राथमिक लघु वनोपज समिति पटासी देवलाल बैगा तथा ग्राम वन समिति निपनिया के अध्यक्ष सहित स्थानीय ग्रामीणों की भी सहभागिता रही।

पौधा लगाने के साथ संरक्षण का भी लिया संकल्प

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष काशीनाथ सिंह ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं और पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि केवल पौधा लगा देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी नियमित देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित करना भी आवश्यक है। उन्होंने उपस्थित लोगों से कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।

विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति किया जागरूक

कार्यक्रम के दौरान विद्यालयीन छात्र-छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण, जल एवं वन्यजीव संरक्षण तथा हरित पर्यावरण के महत्व की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वायु, सुरक्षित पर्यावरण और बेहतर भविष्य का आधार बनेगा।

इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम ने न्यायपालिका, विधिक सेवा संस्थान, अधिवक्ता समुदाय, वन विभाग एवं आमजन के बीच पर्यावरण संरक्षण को लेकर सामूहिक सहभागिता और साझा प्रतिबद्धता को मजबूत किया।

कार्यक्रम के समापन पर सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण स्वेता परते तिवारी ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले वन विभाग, जिला अधिवक्ता संघ, न्यायिक अधिकारियों, विद्यालयीन छात्र-छात्राओं एवं सभी उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment