सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ से मजबूत होगी बीसीसीएल की कार्यसंस्कृति

---Advertisement---

‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ से मजबूत होगी बीसीसीएल की कार्यसंस्कृति

कोयला भवन में तीन माह के निवारक सतर्कता अभियान-2026 का शुभारंभ, पारदर्शिता और जवाबदेही पर जोर

धनबाद, 18 अगस्त। केंद्रीय सतर्कता आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सार्वजनिक प्रशासन में सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) में तीन माह के निवारक सतर्कता अभियान-2026 का शुभारंभ किया गया। 17 अगस्त से 16 नवंबर 2026 तक चलने वाले इस अभियान की इस वर्ष की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ (Probity for Prosperity) रखी गई है।

कोयला भवन मुख्यालय में आयोजित शुभारंभ समारोह में बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाते हुए ईमानदारी, निष्पक्षता, पारदर्शिता और जवाबदेही को दैनिक कार्यप्रणाली का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में निदेशक (तकनीकी/संचालन) संजय कुमार सिंह, निदेशक (वित्त) राजेश कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी दीप्ति पटेल, महाप्रबंधक (सतर्कता) एनके ठाकुर, क्षेत्रीय महाप्रबंधक, कोयला भवन मुख्यालय के महाप्रबंधक, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ अभियान का शुभारंभ

समारोह की शुरुआत अतिथियों के पारंपरिक स्वागत के साथ हुई। इसके बाद सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन एवं भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। कार्यक्रम में कोल इंडिया गीत की प्रस्तुति भी हुई। इसके पश्चात सीएमडी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई।

मुख्य सतर्कता अधिकारी दीप्ति पटेल ने स्वागत संबोधन में तीन माह के अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत की और इसकी थीम तथा प्रमुख फोकस क्षेत्रों की जानकारी दी।

सतर्कता केवल विभाग की नहीं, सभी की जिम्मेदारी

सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि सत्यनिष्ठा किसी संस्था की कार्यप्रणाली का महज एक मूल्य नहीं है, बल्कि उसके प्रति लोगों के विश्वास और दीर्घकालिक सफलता की आधारशिला है। सतर्कता को केवल किसी एक विभाग या अधिकारी की जिम्मेदारी नहीं माना जा सकता। संगठन के प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी की इसमें समान भूमिका है।

उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार-मुक्त कार्यसंस्कृति का निर्माण तभी संभव है, जब संगठन के प्रत्येक स्तर पर लिए जाने वाले निर्णय निर्धारित नियमों, प्रक्रियाओं और नैतिक मूल्यों के अनुरूप हों। प्रत्येक कर्मचारी का व्यक्तिगत आचरण संगठन की प्रतिष्ठा को प्रभावित करता है। इसलिए ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ की भावना को केवल तीन माह के अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनाना होगा।

नियमों और प्रक्रियाओं के पालन पर जोर

निदेशक (तकनीकी/संचालन) संजय कुमार सिंह ने कहा कि सतर्कता और पारदर्शिता सुचारु एवं उत्तरदायी संचालन की आधारशिला हैं। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से नियमों और निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन करते हुए अपने दायित्वों का निष्पक्षता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का आग्रह किया।

निदेशक (वित्त) राजेश कुमार ने वित्तीय अनुशासन, पारदर्शी प्रक्रियाओं और जवाबदेही को बेहतर संगठनात्मक सुशासन के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने सत्यनिष्ठा को दैनिक कार्यप्रणाली का अभिन्न हिस्सा बनाने पर जोर दिया।

अभियान कैलेंडर और ‘सच्चे सिपाही’ गीत का लोकार्पण

समारोह के दौरान सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने तीन माह के निवारक सतर्कता अभियान-2026 के कैलेंडर का लोकार्पण किया। इसके साथ ही कंपनी के सतर्कता जागरूकता अभियान गीत ‘सच्चे सिपाही’ का भी लोकार्पण किया गया। गीत की रचना उप प्रबंधक (खनन) कुमार अभिषेक ने की है।

कार्यक्रम के समापन सत्र में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्लेज बोर्ड पर हस्ताक्षर कर सतर्कता, पारदर्शिता और सत्यनिष्ठा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

विभिन्न क्षेत्रों में भी शुरू हुई जागरूकता गतिविधियां

अभियान के क्रम में 17 अगस्त को कंपनी के विभिन्न क्षेत्रों में सत्यनिष्ठा की शपथ तथा शपथ-पत्र एवं हस्ताक्षर अभियान आयोजित किए गए। इसी क्रम में 18 अगस्त को गोविंदपुर क्षेत्र एवं कल्याण भवन, एचआरडी में भी सत्यनिष्ठा की शपथ और हस्ताक्षर अभियान हुआ।

आगामी तीन माह के दौरान बीसीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों में सतर्कता कार्यशालाएं, उद्योग-संस्थान संवाद, विभिन्न प्रतियोगिताएं, शिकायत निवारण शिविर और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से कर्मचारियों को निवारक सतर्कता, पारदर्शिता, जवाबदेही और नैतिक कार्यसंस्कृति के प्रति जागरूक किया जाएगा।

पांच प्रमुख क्षेत्रों पर रहेगा विशेष फोकस

अभियान के दौरान लंबित शिकायतों एवं मामलों के समयबद्ध निपटारे, क्षमता निर्माण कार्यक्रमों, डिजिटल पहलों तथा संविदा प्रबंधन समेत प्रमुख निवारक सतर्कता क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। केंद्रीय सतर्कता आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बढ़ाने और संभावित अनियमितताओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।

बीसीसीएल का यह अभियान केवल शिकायतों के निपटारे तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसका उद्देश्य ऐसी कार्यसंस्कृति विकसित करना है, जिसमें नियमों का पालन, पारदर्शी निर्णय प्रक्रिया, वित्तीय अनुशासन और नैतिक आचरण संगठन के रोजमर्रा के कामकाज का हिस्सा बने।

कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ प्रबंधक (खनन/सतर्कता) शादाब अहमद ने किया। समारोह में बड़ी संख्या में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सहभागिता रही।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

August 18, 2026

August 18, 2026

August 18, 2026

August 18, 2026

August 18, 2026

August 18, 2026

Leave a Comment