नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने ली जिला कांग्रेस कमेटी की समीक्षा बैठक
मनेन्द्रगढ़। जिला कांग्रेस कमेटी मनेन्द्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और कोरबा लोकसभा सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत की उपस्थिति में आयोजित हुई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों के साथ साथ आम जनता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में “स्मार्ट मीटर हटाओ” अभियान की विशेष रूप से समीक्षा की गई। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने अभियान की प्रगति, जनता की समस्याओं और अब तक किये गये प्रयासों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव सहित सभी ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों से अभियान और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर विस्तृत रिपोर्ट ली गई। ब्लॉक अध्यक्षों ने अपने अपने क्षेत्रों में स्मार्ट मीटर से संबंधित उपभोक्ताओं की समस्याओं, प्राप्त शिकायतों और कांग्रेस द्वारा किये जा रहे जनहित के प्रयासों की जानकारी दी।
नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि स्मार्ट मीटर को लेकर आम उपभोक्ताओं के बीच व्याप्त समस्याओं और आशंकाओं को गंभीरता से उठाया जायेगा। कांग्रेस कार्यकर्ता गांव गांव और वार्ड वार्ड पहुंचकर जनता की समस्याओं को समझें और उन्हें मजबूती से शासन प्रशासन के समक्ष रखें।
बैठक में संगठन को और अधिक सक्रिय और मजबूत बनाने, जनसमस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाने और स्मार्ट मीटर हटाओ अभियान को व्यापक जनआंदोलन का रूप देने को लेकर भी आवश्यक रणनीति पर चर्चा की गई।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, सभी ब्लॉक अध्यक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





































