अनूपपुर 17 अगस्त 2026/ महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए प्राप्त आवेदनों की अंतिम सूची जारी कर दी गई है। विभाग द्वारा जिले में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के 01 एवं सहायिकाओं के 03 रिक्त पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे। निर्धारित अवधि में कुल 94 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
मध्यप्रदेश शासन, महिला एवं बाल विकास विभाग के निर्देशानुसार खंड स्तरीय चयन समिति द्वारा प्राप्त आवेदनों का परीक्षण करने के उपरांत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के 01 एवं सहायिकाओं के 03 पदों की एमपी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अंतिम सूची का प्रकाशन 13 अगस्त 2026 को किया गया है। प्रकाशित अंतिम सूची का अवलोकन एमपी ऑनलाइन पोर्टल, कार्यालय कलेक्टर, कार्यालय मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अनूपपुर, कार्यालय जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास तथा संबंधित जनपद पंचायत एवं ग्राम पंचायत के सूचना पटल पर किया जा सकता है।
अंतिम चयन सूची के आधार पर नियमानुसार प्रक्रिया के संबंध में जिन अभ्यर्थियों को कोई आपत्ति है, वे निर्धारित समय-सीमा में एमपी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्राप्त आपत्तियों का निराकरण किया जाएगा। ऑफलाइन माध्यम से प्राप्त आपत्तियां मान्य नहीं की जाएंगी।





































