लोक सेवा गारंटी के प्रकरण समय सीमा से बाहर होने पर अधिकारियों पर लगाएं जुर्माना-सीईओ जिला पंचायत

---Advertisement---

लोक सेवा गारंटी के प्रकरण समय सीमा से बाहर होने पर अधिकारियों पर लगाएं जुर्माना-सीईओ जिला पंचायत

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के लंबित प्रकरणों पर अधिकारी दें विशेष ध्यान-सीईओ जिला पंचायत

शुक्रवार को ग्राम पंचायत किरगी में आयोजित होगा मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर

 

सीईओ जिला पंचायत ने समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश

 

अनूपपुर 17 अगस्त 2026/मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी ने कहा है कि जिले के सभी विभागों के विभागीय अधिकारी लोक सेवा गारंटी, सीएम हेल्पलाइन एवं समाधान ऑनलाइन के लंबित प्रकरणों की गंभीरता के आधार पर नियमित मॉनिटरिंग करते हुए समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लोक सेवा गारंटी के प्रकरण समय-सीमा से बाहर होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध जुर्माने की कार्यवाही की जाएगी। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी ने लोक सेवा गारंटी के प्रकरणों में लापरवाही एवं उदासीनता बरतने वाले सचिवों के विरुद्ध जुर्माने की कार्रवाई करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी आज कलेक्ट्रेट कार्यालय के नर्मदा सभागार में आयोजित समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देशित कर रही थीं।

 

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उनके मोबाइल फोन में सीएम हेल्पलाइन एप एवं अधिकारी का लॉगिन पासवर्ड अनिवार्य रूप से उपलब्ध होना चाहिए, ताकि अधिकारी समय-समय पर लंबित शिकायतों की मॉनिटरिंग कर उनका समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित कर सकें। उन्होंने बैंकों से संबंधित लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की। इस दौरान जिला अग्रणी प्रबंधक को निर्देशित किया कि जिले के सभी बैंकों के शाखा प्रबंधकों को लंबित प्रकरणों के संबंध में प्रशिक्षण दिलाया जाए, ताकि बैंक स्तर पर लंबित प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं समय-सीमा में निराकरण हो सके।

 

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ने लोक सेवा गारंटी के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए आय, जाति, बंटवारा, खसरा-नक्शा, राजस्व अभिलेख सहित विभिन्न लंबित प्रकरणों की जानकारी ली। उन्होंने राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जाति प्रमाण-पत्र के लिए आवेदन करने वाले आवेदकों के प्रकरणों में अनावश्यक विलंब न किया जाए। उन्होंने कहा कि पटवारी की रिपोर्ट प्राप्त करना संबंधित राजस्व अधिकारी की जिम्मेदारी है। इसलिए अधिकारी अपने दायित्वों का प्राथमिकता के आधार पर निर्वहन करते हुए आवेदकों को समय-सीमा में प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने जिले में स्थित रिकॉर्ड रूम की स्थिति की समीक्षा की तथा अपर कलेक्टर को जिला रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने हेतु कहा।

 

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी ने अधिकारियों को जानकारी देते हुए बताया कि आगामी शुक्रवार को जिले की जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ की ग्राम पंचायत किरगी में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत शिविर का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने निर्देशित किया कि लोक सेवा गारंटी, सीएम हेल्पलाइन एवं समाधान ऑनलाइन से संबंधित तहसील स्तर के अधिकारी लंबित शिकायतों का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करें। संबंधित शिकायतकर्ताओं से दूरभाष पर संपर्क कर उन्हें शिविर में आमंत्रित किया जाए तथा उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए मौके पर ही निराकरण का प्रयास किया जाए।

 

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत प्राप्त शिकायतों के निराकरण में गंभीरता एवं रुचि दिखाएं, ताकि शिकायतों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित हो सके। इस दौरान उन्होंने संबल पंजीयन के लंबित प्रकरणों पर भी चर्चा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी चर्चा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

 

बैठक में पर कलेक्टर श्री बलवीर रमन, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पुष्पराजगढ़ श्री वसीम अहमद भट, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व जैतहरी श्री कमलेश पुरी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कोतमा श्री टी.आर. नाग, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री के के सोनी सहित जिले के विभिन्न विभागों के विभाग अधिकारी उपस्थित थे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment