संगठनात्मक बैठक के साथ मनाई गई पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि

अनूपपुर। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय अनूपपुर में 16 अगस्त 2026 को संगठनात्मक बैठक का आयोजन भाजपा जिला प्रभारी श्री संजय साहू एवं भाजपा जिलाध्यक्ष श्री हीरा सिंह श्याम की उपस्थिति में किया गया। बैठक में जिला पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी तथा पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान संगठन के वर्तमान कार्यों एवं गतिविधियों की समीक्षा की गई। साथ ही आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा करते हुए उनकी रूपरेखा तैयार की गई। पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
बैठक के पश्चात भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न से सम्मानित श्रद्धेय पंडित अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि मनाई गई। भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
इस अवसर पर भाजपा जिला प्रभारी श्री संजय साहू ने अटल बिहारी वाजपेयी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अटल जी भारतीय राजनीति के ऐसे महान व्यक्तित्व थे, जिन्होंने अपने विचारों, सिद्धांतों और राष्ट्रसेवा के माध्यम से राजनीति को नई दिशा दी। उनका जीवन राष्ट्रभक्ति, लोकतांत्रिक मूल्यों, सुशासन और संगठन के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि अटल जी का जीवन और उनके विचार आज भी प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्री हीरा सिंह श्याम ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र के लिए समर्पित रहा। वे एक कुशल राजनेता होने के साथ-साथ ओजस्वी वक्ता, संवेदनशील कवि और उत्कृष्ट संसदविद् थे। उन्होंने भारतीय राजनीति में शुचिता, सिद्धांत और राष्ट्रहित को सर्वोच्च स्थान दिया। अटल जी के विचार और आदर्श भाजपा कार्यकर्ताओं को निरंतर राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करते रहेंगे।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अटल जी के आदर्शों पर चलने तथा संगठन को मजबूत करते हुए राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प लिया। उपरोक्त जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी राजेश सिंह द्वारा दी गई।







































































