कलश और तिरंगा यात्रा के साथ निकली ‘नवांकुर सखी हरियाली यात्रा’

---Advertisement---

कलश और तिरंगा यात्रा के साथ निकली ‘नवांकुर सखी हरियाली यात्रा’

बरतराई में पर्यावरण संरक्षण का संदेश, नवांकुर सखियों को बीजरोपित थैली और पौधे वितरित; ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत हुआ पौधारोपण

अनूपपुर। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वावधान में 14 अगस्त 2026 को विकासखंड अनूपपुर के सेक्टर क्रमांक 04 अंतर्गत ग्राम पंचायत बरतराई में ‘नवांकुर सखी हरियाली यात्रा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नवांकुर सखियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत कलश यात्रा एवं तिरंगा यात्रा से हुई। इसके बाद शिव मंदिर में पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया। इस दौरान नवांकुर सखियों को बीजरोपित थैलियां एवं पौधे प्रदान किए गए, ताकि वे बीजों को अंकुरित कर पौधे तैयार करें और भविष्य में उनका रोपण कर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे सकें।

हरियाली अमावस्या पर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सरपंच कुंवर सिंह ने नवांकुर सखियों को हरियाली अमावस्या की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा स्वैच्छिकता के आधार पर चलाया जा रहा नवांकुर सखी हरियाली यात्रा कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

उन्होंने कहा कि नवांकुर सखियों को नई सोच के साथ आगे बढ़कर प्रकृति के साथ समाज को आगे ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी। उन्होंने बीजरोपित थैलियों में दिए गए बीजों को संरक्षित रखते हुए उन्हें अंकुरित कर पौधा बनाने और अगले वर्ष किसी विशेष अवसर पर अपने बाड़ी अथवा खेतों में रोपित कर पेड़ के रूप में तैयार करने की अपील की।

हर घर के आंगन में ‘एक पेड़ मां के नाम’ का संदेश

कार्यक्रम के दौरान सभी नवांकुर सखियों को बीजरोपित थैलियों में बीजों को अंकुरित कर पौधे तैयार करने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि हरियाली यात्रा का उद्देश्य लोगों को हर घर के आंगन में ‘एक पेड़ मां के नाम’ का पौधा लगाने के लिए प्रेरित करना है, जिससे घर-आंगन हरे-भरे बनें और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिले।

नवांकुर सखियों से पौधों की देखभाल और संरक्षण करने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम के अंत में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया गया। उपस्थित लोगों ने पौधों के संरक्षण और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संदेश दिया।

इनकी रही सहभागिता

कार्यक्रम में नवांकुर संस्था पसान की प्रतिनिधि अन्नपूर्णा देवी, ग्राम पंचायत सरपंच कुंवर सिंह, परामर्शदाता शिवानी सिंह, नवांकुर सखी कृष्णा देवी, प्रस्फुटन समिति सदस्य एवं सीएमसीएलडीपी की छात्राएं सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण और पौधों की देखभाल के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया। नवांकुर सखियों ने हरियाली बढ़ाने और प्रकृति संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment