भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) मुख्यालय, कोयला भवन के लेवल-III कॉन्फ्रेंस हॉल में दिनांक 12.08.2026 को हायर किए गए HEMM, परिवहन एवं MDO ऑपरेटरों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बीसीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने की।
बैठक में झरिया कोलफील्ड्स से पुनर्वासित गैर-LTH परियोजना प्रभावित परिवारों (PAPs) को बीसीसीएल के चल रहे कॉन्ट्रैक्ट एवं आउटसोर्सिंग कार्यों के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने के विषय पर विशेष रूप से चर्चा की गई। इस दौरान संबंधित आउटसोर्सिंग कंपनियों एवं ऑपरेटरों से बेलगड़िया में पुनर्वासित पात्र गैर-LTH परिवारों के लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
समीक्षा के दौरान सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने विभिन्न क्षेत्रों के महाप्रबंधकों से क्षेत्रवार जानकारी ली। उन्होंने संबंधित क्षेत्रों में चल रहे HEMM, परिवहन एवं MDO कार्यों की स्थिति, ऑपरेटरों के प्रदर्शन तथा चालू वित्तीय वर्ष में अपेक्षित कोयला उत्पादन के संबंध में जानकारी प्राप्त की। साथ ही, निर्धारित उत्पादन लक्ष्य की प्राप्ति की दिशा में की जा रही तैयारियों की भी जानकारी ली। बैठक में मानसून को लेकर तैयारियों की भी जानकारी ली गई तथा बारिश के दौरान खनन एवं परिवहन गतिविधियों को सुचारु बनाए रखने पर जोर दिया गया।
इसके अलावा, हायर किए गए HEMM, परिवहन एवं MDO ऑपरेटरों के कार्य निष्पादन, कार्यों की प्रगति तथा निर्धारित दायित्वों के अनुरूप प्रदर्शन की समीक्षा की गई। संबंधित क्षेत्रों को ऑपरेटरों के कार्यों की नियमित निगरानी एवं आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
गैर-LTH PAPs को रोजगार उपलब्ध कराने के संबंध में क्षेत्रवार स्थिति की भी जानकारी ली गई। संबंधित अधिकारियों एवं आउटसोर्सिंग एजेंसियों के समन्वय से पात्र पुनर्वासित परिवारों को उपलब्ध रोजगार अवसरों से जोड़ने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई आगे बढ़ाने पर बल दिया गया। बैठक में क्षेत्रवार जानकारी के आधार पर उत्पादन, परिचालन, HEMM एवं परिवहन कार्यों तथा गैर-LTH PAPs के रोजगार से जुड़े विषयों पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।.
इस अवसर पर निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री संजय कुमार सिंह, निदेशक (तकनीकी/परियोजना एवं योजना) श्री राजीव कुमार सिन्हा सहित सभी क्षेत्रों के महाप्रबंधक, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, हायर किए गए HEMM एवं परिवहन ऑपरेटरों तथा MDO से जुड़े प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

































































