हर घर तिरंगा अभियान के तहत अनूपपुर जिले में निकली भव्य तिरंगा यात्रा
तिरंगा राष्ट्र की एकता, अखंडता, गौरव, त्याग और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक : भाजपा

अनूपपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत 13 अगस्त 2026 को अनूपपुर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भव्य तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया गया। भाजपा जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम के नेतृत्व में आयोजित इन यात्राओं में जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं, छात्र-छात्राओं तथा सर्व समाज के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
तिरंगा यात्रा के दौरान हजारों हाथों में लहराता राष्ट्रीय ध्वज देश की एकता और अखंडता का संदेश देता नजर आया। इस अवसर पर लोगों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया गया। भाजपा नेताओं ने कहा कि तिरंगा केवल भारत की पहचान नहीं, बल्कि हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, वीरता, एकता और राष्ट्रीय संकल्प का प्रतीक है।
भाजपा के संभागीय प्रभारी गौरव सिरोठिया, मध्यप्रदेश शासन के राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार दिलीप जायसवाल, मध्यप्रदेश अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल रौतेल, शहडोल सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह, अनूपपुर विधायक एवं पूर्व मंत्री विसाहूलाल सिंह, भाजपा जिला प्रभारी संजय साहू तथा भाजपा जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम ने जिलेवासियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं से हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
बिजुरी में मंत्री दिलीप जायसवाल हुए तिरंगा यात्रा में शामिल
मध्यप्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार दिलीप जायसवाल अपने गृह क्षेत्र बिजुरी में आयोजित तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने नागरिकों को तिरंगे के महत्व और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का संदेश दिया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सहबिन पनिका, भाजपा मंडल अध्यक्ष रिंकू शर्मा सहित भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
पसान क्षेत्र में भी निकली भव्य तिरंगा रैली
हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत नगर पालिका परिषद पसान क्षेत्र के जमुना एवं भालूमाड़ा में भी भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा का नेतृत्व नगर पालिका अध्यक्ष राम अवध सिंह एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह ने किया। बड़ी संख्या में नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ सहभागिता की।
तिरंगा यात्राओं में वंदे मातरम्, राष्ट्रगान तथा देशभक्ति के गीतों से वातावरण राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत हो गया। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं की सहभागिता ने आयोजन को भव्य रूप प्रदान किया।
भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान अब जन-जन का अभियान बन चुका है। यह अभियान नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम, देश के वीर शहीदों के बलिदान और राष्ट्रधर्म से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। सभी नागरिकों से अपने घरों पर तिरंगा फहराकर उसकी आन-बान-शान बनाए रखने तथा ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया गया। उपरोक्त जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी राजेश सिंह द्वारा दी गई।
































































