तिरंगे की शान में गूंजे देशभक्ति के नारे, कोतमा में निकली भव्य तिरंगा रैली

---Advertisement---

 

तिरंगे की शान में गूंजे देशभक्ति के नारे, कोतमा में निकली भव्य तिरंगा रैली

हर घर तिरंगा अभियान के तहत नगर पालिका ने किया कार्यक्रमों का शुभारंभ, छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

रिपोर्टर अजय ताम्रकार, कोतमा

कोतमा। हर घर तिरंगा अभियान के तहत 9 अगस्त से 17 अगस्त तक आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की शुरुआत सोमवार को कोतमा नगर पालिका द्वारा भव्य तिरंगा रैली के साथ की गई। रैली में नगर पालिका के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। हाथों में तिरंगा लेकर निकले विद्यार्थियों ने पूरे नगर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया

तिरंगा रैली का शुभारंभ नगर पालिका कार्यालय परिसर से किया गया। यहां से रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए बाजार के मुख्य मार्गों का भ्रमण कर पुनः नगर पालिका कार्यालय पहुंची। रैली में शामिल छात्र-छात्राएं हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर पूरे उत्साह के साथ आगे बढ़ रहे थे। इस दौरान वातावरण देशभक्ति के नारों से गूंजता रहा

“झंडा ऊंचा रहे हमारा” और “देश की आन, बान और शान तिरंगा” जैसे नारों से विद्यार्थियों ने लोगों में देशभक्ति की भावना का संचार किया। रैली को देखने के लिए बाजार क्षेत्र में नागरिक भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। तिरंगे के साथ निकली रैली ने लोगों को हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया

तिरंगा हर भारतीय के स्वाभिमान का प्रतीक : रामनरेश गर्ग

इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी रामनरेश गर्ग ने कहा कि तिरंगा भारत देश में रहने वाले प्रत्येक नागरिक की आन, बान और शान है। राष्ट्रीय ध्वज हमारे स्वाभिमान, एकता और देश की गौरवशाली पहचान का आधार है। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा जैसे आयोजन केवल राष्ट्रीय ध्वज फहराने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से देश की युवा पीढ़ी को राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर मिलता है

उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम युवाओं एवं विद्यार्थियों में देश के प्रति सम्मान, जिम्मेदारी और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करते हैं। विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी यह दर्शाती है कि नई पीढ़ी देश की एकता और अखंडता के प्रति जागरूक है

17 अगस्त तक होंगे विभिन्न आयोजन

नगर पालिका द्वारा हर घर तिरंगा अभियान के तहत 9 अगस्त से 17 अगस्त तक विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाना है। अभियान के माध्यम से नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, देश की एकता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया जा रहा है। नगर पालिका द्वारा नागरिकों से भी अभियान में सहभागिता करने तथा अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने की अपील की गई है

रैली के दौरान नगर का माहौल पूरी तरह देशभक्तिमय नजर आया। स्कूली छात्र-छात्राओं के साथ नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी और जनप्रतिनिधि भी पूरे उत्साह के साथ रैली में शामिल हुए। आयोजन ने नगरवासियों में राष्ट्रीय पर्व और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत किया

ये रहे मौजूद

तिरंगा रैली में नगर पालिका अध्यक्ष अजय सराफ, वैशाली बद्री ताम्रकार, छाया सोनी, प्रदीप सोनी, नोहर सिंह, अर्पण सिंह, नगर पालिका राजस्व अधिकारी योगेंद्र तिवारी सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment