शहडोल
जर्जर भवन के कारण झोपड़ी में संचालित हो रहा प्राथमिक विद्यालय, जिम्मेदारों को दी गई सूचना

ग्राम पंचायत देवरी, जनपद पंचायत जयसिंहनगर अंतर्गत स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय बैरिहा के भवन की स्थिति लंबे समय से जर्जर बनी हुई है। विद्यालय भवन की खराब हालत के चलते यहां अध्ययनरत बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए विद्यालय के शिक्षक एवं स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर स्कूल के सामने छोपड़ी बनाकर विद्यालय का संचालन करने की व्यवस्था की है।
विद्यालय भवन की जर्जर स्थिति की जानकारी मिलने पर न्यू मित्र युवक मंडल देवरी के अध्यक्ष वेद प्रकाश द्विवेदी जी तत्काल मौके पर पहुंचे और विद्यालय की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने इस गंभीर समस्या की जानकारी फोन के माध्यम से माननीय कलेक्टर महोदय एवं माननीय जिला पंचायत सीईओ महोदय को देते हुए जल्द से जल्द विद्यालय भवन की समस्या का निराकरण कराने का आग्रह किया।
ग्रामवासियों का कहना है कि विद्यालय की यह स्थिति आज से नहीं, बल्कि लगभग तीन वर्षों से बनी हुई है। ग्रामीणों के अनुसार विद्यालय भवन की जर्जर हालत की जानकारी पूर्व में भी शासन-प्रशासन को दी जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद आज दिनांक तक विद्यालय भवन का निर्माण या मरम्मत कार्य नहीं कराया गया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बच्चों की सुरक्षा एवं शिक्षा को ध्यान में रखते हुए जर्जर विद्यालय भवन का जल्द से जल्द निर्माण कराया जाए, ताकि बच्चों को खुले या अस्थायी छोपड़ी में पढ़ने के लिए मजबूर न होना पड़े।




























































