प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग कर संगठन को मजबूत करे : गौरव सिरोठिया
भाजपा की मासिक जिला बैठक में हर घर तिरंगा अभियान को लेकर बनी रणनीति

अनूपपुर। भारतीय जनता पार्टी की मासिक जिला बैठक सोमवार, 10 अगस्त 2026 को भाजपा जिला कार्यालय अनूपपुर में संभागीय प्रभारी गौरव सिरोठिया, मध्यप्रदेश अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल रौतेल, जिला प्रभारी संजय साहू, जिला महामंत्री श्याम नारायण शुक्ला एवं सिद्धार्थ शिव सिंह की उपस्थिति में संपन्न हुई। बैठक में पूर्व में आयोजित संगठनात्मक कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में हर घर तिरंगा अभियान को विशेष प्राथमिकता देते हुए इसे व्यापक स्तर पर सफल बनाने की रणनीति तैयार की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा शहडोल संभाग के संभागीय प्रभारी गौरव सिरोठिया ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग करते हुए संगठन को मजबूत बनाने के लिए कार्य करना चाहिए। उन्होंने पूर्व में किए गए संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा करते हुए आगामी कार्यक्रमों के संबंध में पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से चर्चा की। उन्होंने सभी मंडल अध्यक्षों एवं मोर्चा-प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्षों को बूथ एवं शक्ति केंद्रों पर निरंतर प्रवास करने तथा स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं एवं आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रहने के निर्देश दिए।
श्री सिरोठिया ने कहा कि पुराने एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से निरंतर संपर्क बनाए रखते हुए सभी को साथ लेकर संगठन के कार्य को आगे बढ़ाना है। हमारा लक्ष्य स्पष्ट होना चाहिए कि भाजपा का जनाधार और संगठनात्मक ग्राफ कैसे बढ़े। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता अपने घर पर तिरंगा लगाकर राष्ट्र के प्रति अपनी भावना प्रकट करें और समाज के बीच भी तिरंगा लेकर पहुंचें। स्वतंत्रता दिवस को उत्साह एवं गरिमापूर्ण तरीके से मनाया जाए। उन्होंने 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका दिवस के अवसर पर मौन जुलूस आयोजित करने की बात भी कही।
प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी का बोध हो : रामलाल रौतेल
मध्यप्रदेश अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल रौतेल ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी का बोध होना चाहिए और संगठन की मंशा के अनुरूप निष्ठा के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज प्रत्येक बूथ पर भाजपा के कार्यकर्ता मौजूद हैं, लेकिन पूर्व और वर्तमान कार्यकर्ताओं के बीच जो सोच का अंतर है, उसे दूर करते हुए सभी को सक्रिय करने की आवश्यकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पद के अहंकार से दूर रहकर निष्ठा एवं समर्पण भाव से संगठन के लिए कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पद स्थायी नहीं होता, लेकिन कार्यकर्ता का आचरण और स्वभाव संगठन के हित में हमेशा महत्वपूर्ण रहता है।
संगठन के निर्देशों का पालन करें कार्यकर्ता : संजय साहू
भाजपा जिला प्रभारी संजय साहू ने कहा कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी संगठन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने में जुट जाएं। हर घर तिरंगा अभियान को लेकर उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता अभी से इसकी तैयारियों में जुटें और प्रत्येक मंडल स्तर पर कार्यक्रम को भव्य रूप से आयोजित करें। जिले के पदाधिकारी एवं मंडल प्रभारी अपने-अपने शक्ति केंद्रों एवं बूथों पर बैठकें आयोजित कर अभियान को सफल बनाएं।
उन्होंने कहा कि भाजपा जिला कार्यालय में मंत्री, सांसद, विधायक एवं नगर पालिका अध्यक्ष सप्ताह में एक दिन समय निकालकर बैठने का प्रयास करें, ताकि कार्यकर्ताओं एवं आम जनता की समस्याओं का समय पर समाधान किया जा सके।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मंडल अध्यक्ष सम्मानित
बैठक के दौरान डिजिटल वेरिफिकेशन एवं ‘मन की बात’ कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मंडल अध्यक्षों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मंडल बिजुरी के अध्यक्ष रिंकू शर्मा एवं मंडल राजनगर के अध्यक्ष कमलेश चतुर्वेदी को शाल पहनाकर सम्मानित किया गया।बैठक में भाजपा के जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।उपरोक्त जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी राजेश सिंह द्वारा दी गई।
















