ग्राम पंचायत भितरी के जरबैला टोला में मनाया गया विश्व आदिवासी दिवस, सैकड़ों ग्रामीण हुए शामिल
कुबरी। वार्ड क्रमांक 22, कुबरी अंतर्गत ग्राम पंचायत भितरी के जरबैला टोला में रविवार को विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सर्व धर्म मानव सेवा समिति कुबरी द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में सर्व धर्म मानव सेवा समिति के अध्यक्ष मृत्युंजय प्रसाद गौतम एवं यज्ञराज जनपद सदस्य कुबरी सहित कृष्ण कुमार गुप्ता, दीनदयाल साहू, राजकुमार रावत, रामसिया रावत, रामपति रावत, सुकलाल रावत, मंसुखा रावत, गुजरतिया रावत, कल्पना रावत, सुनीता रावत, गुड़िया रावत सहित सैकड़ों की संख्या में आदिवासी समाज के महिला-पुरुष एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान आदिवासी समाज की गौरवशाली संस्कृति, परंपरा, सामाजिक एकता और अधिकारों को लेकर विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने कहा कि आदिवासी समाज देश की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण अंग है। समाज ने सदियों से जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के साथ प्रकृति एवं पर्यावरण की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
समिति अध्यक्ष मृत्युंजय प्रसाद गौतम ने कहा कि आदिवासी समाज के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा, जागरूकता, नशामुक्ति और सामाजिक एकता को मजबूत करना जरूरी है। नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ते हुए शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाना समय की आवश्यकता है।
जनपद सदस्य यज्ञराज ने भी आदिवासी समाज की एकता और विकास पर जोर देते हुए कहा कि समाज की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाकर उनके समाधान के लिए सामूहिक प्रयास किए जाने चाहिए।
कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा और पहचान को संरक्षित रखने तथा आने वाली पीढ़ी को शिक्षा एवं सामाजिक जागरूकता से जोड़ने का संकल्प लिया। कार्यक्रम आपसी भाईचारे, सामाजिक एकता और उत्साह के वातावरण में संपन्न हुआ।
















