लूट की झूठी कहानी गढ़कर हड़प ली समूह वसूली की रकम, 12 घंटे में खुला राज; कर्मचारी गिरफ्तार

---Advertisement---

लूट की झूठी कहानी गढ़कर हड़प ली समूह वसूली की रकम, 12 घंटे में खुला राज; कर्मचारी गिरफ्तार

चचाई पुलिस ने 1.18 लाख रुपये और मोबाइल किया जब्त, अमानत में खयानत के बाद खुद के साथ लूट होने की दी थी सूचना

अनूपपुर। समूह वसूली की रकम को अपने निजी खर्च के लिए हड़पने के बाद खुद के साथ लूट की झूठी कहानी बताने वाले माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी को चचाई पुलिस ने 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 लाख 18 हजार 400 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार 7 अगस्त 2026 को अमित नामदेव निवासी ग्राम बड़खेरा, थाना स्लीमनाबाद, जिला कटनी, हाल पुरानी बस्ती अनूपपुर ने थाना चचाई में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया कि वह स्वतंत्र माइक्रो फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में कार्यरत है और कुलदीप शर्मा कंपनी में फील्ड ऑफिसर के पद पर कार्य करता है।

दिनभर में 1.20 लाख रुपये से अधिक की वसूली

6 अगस्त को कुलदीप शर्मा ने देवरी, खुटवा, चचाई और सकोला क्षेत्र में समूह वसूली का काम किया था। दिनभर में उसने समूहों से 1 लाख 20 हजार 467 रुपये की राशि एकत्र की थी। उसे यह रकम लेकर रात करीब 8 बजे तक अनूपपुर कार्यालय पहुंचकर जमा करनी थी, लेकिन वह कार्यालय नहीं पहुंचा और अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया।

अगले दिन जब कंपनी की ओर से उससे संपर्क किया गया और वसूली की रकम कार्यालय में जमा करने के लिए कहा गया तो मामले का खुलासा हुआ।

पैसों की जरूरत थी, इसलिए रची लूट की कहानी

पूछताछ के दौरान कुलदीप शर्मा ने पुलिस को बताया कि उसे पैसों की जरूरत थी। इसी कारण उसने समूह वसूली से प्राप्त 1,20,467 रुपये अपने व्यक्तिगत खर्च के लिए रख लिए। उसने अपना मोबाइल फोन भी जंगल में छिपा दिया था। रकम हड़पने की नीयत से कंपनी के अधिकारियों को गुमराह करने के लिए उसने अपने साथ लूट होने की झूठी सूचना दी थी।

पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपी से पूछताछ की और उसकी निशानदेही पर 1,18,400 रुपये नकद तथा एक मोबाइल फोन बरामद कर लिया। शेष राशि के संबंध में भी विवेचना की जा रही है।

अमानत में खयानत का मामला दर्ज

जांच में मामला लूट का न होकर कंपनी की वसूली राशि को हड़पने और अमानत में खयानत करने का पाए जाने पर पुलिस ने आरोपी कुलदीप शर्मा के खिलाफ धारा 316(2), 316(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगनाथ मरकाम, एसडीओपी नवीन कुमार तिवारी और डीएसपी अरविन्द जैन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी चचाई निरीक्षक फूलवती के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।

कार्रवाई में किरण मिश्रा, प्यारे लाल, सुखसेन, राजेन्द्र अहिरवार, विकास दहायत, विवेक मिश्रा, नत्थू मोरे, प्रकाश निनामा, अब्दुल कलीम और शेख रसीद की भूमिका रही।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment