आंगनबाड़ी केंद्र का ताला तोड़कर चोरी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार
दो बाइक और ताला तोड़ने की लोहे की रॉड जब्त, चोरी के बर्तन बरामद; तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी
अनूपपुर। कोतवाली अनूपपुर पुलिस ने आंगनबाड़ी केंद्र का रात्रि में ताला तोड़कर शासकीय सामग्री चोरी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए स्टील के बर्तन, घटना में ताला तोड़ने में प्रयुक्त लोहे की रॉड और वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। मामले में शामिल तीन अन्य आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार, आंगनबाड़ी केंद्र भरियाटोला सकरा की कार्यकर्ता मंती बैगा ने 5 अगस्त को कोतवाली अनूपपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 25 से 27 जुलाई 2026 की दरम्यानी रात अज्ञात चोर आंगनबाड़ी केंद्र का ताला तोड़कर शासकीय एलईडी टीवी, पानी के लिए लगाया गया आरओ, बर्तन और वजन करने की मशीन चोरी कर ले गए। शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 454/26 के तहत बीएनएस की धारा 331(4), 305(e) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर दबोचे गए आरोपी
विवेचना के दौरान पुलिस ने संदिग्धों की तलाश और पतारसी शुरू की। विश्वसनीय मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 6 अगस्त को पुलिस टीम ने पटनाकला क्षेत्र से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में गोलू उर्फ आकाश बैगा (23), अजय बैगा (19) और दद्दा बैगा (22), सभी निवासी ग्राम पटनाकला, थाना चचाई, जिला अनूपपुर शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए दो स्टील की थाली, दो चम्मच और एक स्टील का डिब्बा बरामद किया। इसके साथ ही ताला तोड़ने में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड और घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल क्रमांक MP18 ZE 6489 एवं MP18 ZC 8848 भी जब्त की गई हैं।
छह आरोपियों ने मिलकर दिया वारदात को अंजाम
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि उन्होंने अपने अन्य साथियों सानू बैगा, विकास उर्फ विक्कू बैगा और मिथुन चौधरी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। आरोपी दो मोटरसाइकिलों से सकरा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचे और लोहे की रॉड से ताला तोड़कर अंदर रखी शासकीय सामग्री चोरी कर ली।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि चोरी किया गया एलईडी टीवी, आरओ और वजन करने की मशीन फरार सहआरोपियों के पास है। पुलिस अब इन तीनों आरोपियों की तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद चोरी की शेष सामग्री भी बरामद किए जाने की संभावना है।
थाना प्रभारी के नेतृत्व में कार्रवाई
कार्रवाई थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक संजय अशोक एक्का के नेतृत्व में की गई। टीम में प्रधान आरक्षक शिवशंकर प्रजापति, प्रधान आरक्षक महेन्द्र राठौर, आरक्षक अब्दुल कलीम, आरक्षक सोनू यादव, महिला आरक्षक अंकिता सोनी तथा साइबर सेल से प्रधान आरक्षक राजेन्द्र अहिरवार और प्रधान आरक्षक पंकज मिश्रा शामिल रहे।
पुलिस अधीक्षक अनूपपुर विक्रांत मुराब के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगनाथ मरकाम तथा एसडीओपी नवीन तिवारी के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की सामग्री और वारदात में प्रयुक्त सामान जब्त किया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
















