वृंदावन ग्राम में हितग्राहियों को वितरित किए गए चूजे
अनूपपुर 06 अगस्त 2026/ ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने एवं स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पशुपालन विभाग द्वारा गुरुवार को विकासखंड अनूपपुर के वृंदावन ग्राम (दारसागर) में बैकयार्ड कुक्कुट पालन योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को चूजों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में उपसंचालक पशुपालन डॉ. बी.बी. चौधरी सहित संबंधित विभाग के अधिकारी – कर्मचारी, जनप्रतिनिधिगण हितग्राही उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अधिकारियों ने बताया कि बैकयार्ड कुक्कुट पालन योजना ग्रामीण परिवारों, विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के हितग्राहियों के लिए अतिरिक्त आय का प्रभावी माध्यम है। योजना के माध्यम से हितग्राहियों को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ पोषण सुरक्षा एवं रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। चूजों के वितरण के साथ हितग्राहियों को उनके वैज्ञानिक पालन-पोषण, टीकाकरण तथा रोग नियंत्रण संबंधी आवश्यक तकनीकी जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने हितग्राहियों से योजना का समुचित लाभ लेकर कुक्कुट पालन को आय का स्थायी स्रोत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पशुपालन विभाग की विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ लेकर ग्रामीण परिवार अपनी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बना सकते हैं तथा आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।
















