06 अगस्त को जिला चिकित्सालय अनूपपुर में आयोजित होगा जिला स्तरीय यूडीआईडी कार्ड परीक्षण शिविर

---Advertisement---

 

अनूपपुर 04 अगस्त 2026/जिले के ऐसे दिव्यांगजन, जिनका यूडीआईडी (यूनिक डिसएबिलिटी आईडी) कार्ड अभी तक जारी नहीं हो सका है अथवा आवश्यक जानकारी के अभाव में उनका पंजीयन लंबित है, उनके चिकित्सकीय परीक्षण, मूल्यांकन एवं यूडीआईडी कार्ड जारी किए जाने के उद्देश्य से 06 अगस्त 2026 को प्रातः 11:00 बजे जिला चिकित्सालय अनूपपुर स्थित स्व-सहायता भवन में जिला स्तरीय विशेष यूडीआईडी कार्ड परीक्षण, मूल्यांकन एवं पंजीयन शिविर आयोजित किया जाएगा।

 

कलेक्टर श्री रत्नाकर झा द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले में संचालित शासकीय एवं अशासकीय संस्थाओं तथा दिव्यांगजन संगठनों के सहयोग से ऐसे सभी पात्र दिव्यांगजनों की पहचान कर उन्हें शिविर में उपस्थित कराया जाएगा, ताकि कोई भी पात्र हितग्राही यूडीआईडी कार्ड से वंचित न रहे तथा शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सके।

 

शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा दिव्यांगजनों का चिकित्सकीय परीक्षण एवं दिव्यांगता का मूल्यांकन किया जाएगा। इस हेतु शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. एस.आर. परस्ते, नेट रोग विशेषज्ञ डॉ. जनक सारीवान, मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. एन.पी. माण्डवी तथा पी.जी.एम.ओ. एवं अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. राजकुमार की ड्यूटी निर्धारित की गई है।

 

जिले के सभी जनपद पंचायतों एवं नगरीय निकायों के पात्र दिव्यांगजन शिविर में सम्मिलित होंगे। शिविर के सफल संचालन के लिए जनपदवार नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ एवं नगर परिषद अमरकंटक के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत श्री हरिश्चंद्र द्विवेदी को नोडल अधिकारी तथा सामाजिक सुरक्षा अधिकारी पुष्पराजगढ़ श्री अखिलेश अग्निहोत्री को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

 

इसी प्रकार जनपद पंचायत अनूपपुर तथा नगर पालिका परिषद पसान, डोला, जैतहरी एवं बनगवां (राजनगर) के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत श्री रवि ग्वाल को नोडल अधिकारी तथा सामाजिक सुरक्षा अधिकारी जनपद पंचायत श्री ईश्वर चंद्र शर्मा को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है।

 

जनपद पंचायत जैतहरी तथा नगर पालिका परिषद जैतहरी, नगर पालिका कोतमा एवं नगर परिषद बरगवां (अमलाई) के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत श्री किरण कुमार रैकवार को नोडल अधिकारी तथा सामाजिक सुरक्षा अधिकारी जनपद पंचायत श्री रामेश्वर प्रसाद बैगा को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं, जनपद पंचायत कोतमा एवं नगर पालिका परिषद बिजुरी के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत श्री रवि ग्वाल को नोडल अधिकारी तथा सामाजिक सुरक्षा अधिकारी श्री जगजीवन राम चौधरी को सहायक नोडल अधिकारी नामित किया गया है।

 

आदेशानुसार संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि शिविर के पूर्व सभी आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण करते हुए पात्र हितग्राहियों की पृथक सूची तैयार की जाए तथा केवल ऐसे दिव्यांगजनों को शिविर में लाया जाए, जिनका यूडीआईडी कार्ड अभी तक जारी नहीं हुआ है अथवा जानकारी के अभाव में उनका प्रकरण लंबित है। ग्राम पंचायतों के सचिव एवं पंचायत समन्वयकों को दिव्यांगजनों को शिविर स्थल तक लाने एवं वापस पहुँचाने की संपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। आवश्यकता होने पर दिव्यांगजन अपने साथ एक सहयोगी भी ला सकेंगे।

 

कलेक्टर ने संबंधित विभागों, जनपद पंचायतों, नगरीय निकायों तथा सामाजिक सुरक्षा अधिकारियों को समन्वित रूप से कार्य करते हुए शिविर का सफल संचालन सुनिश्चित करने तथा अधिक से अधिक पात्र दिव्यांगजनों का यूडीआईडी कार्ड जारी कराने के निर्देश दिए हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment