सरई पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध चाकू के साथ घूम रहा आरोपी गिरफ्तार

---Advertisement---

सरई पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध चाकू के साथ घूम रहा आरोपी गिरफ्तार

राहगीरों को डरा-धमका रहा था आरोपी, आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज

अनूपपुर। जिले की सरई चौकी पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध धारदार चाकू लेकर घूम रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से लोहे का धारदार चाकू बरामद कर उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगनाथ सिंह मरकाम एवं एसडीओपी पुष्पराजगढ़ के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी मंगला दुबे के नेतृत्व में की गई। पुलिस क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अवैध हथियार रखने वालों के विरुद्ध लगातार अभियान चला रही है।

पुलिस को गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति अवैध धारदार चाकू लेकर क्षेत्र में घूम रहा है और आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। साथ ही उसके किसी वारदात को अंजाम देने की आशंका भी जताई गई।

सूचना मिलते ही मंगला दुबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम संतोष सिंह गोंड, पिता रायसेन सिंह गोंड, उम्र 40 वर्ष, निवासी छोटी तुम्मी, थाना पाली, जिला उमरिया बताया।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक लोहे का धारदार चाकू बरामद हुआ। आरोपी हथियार रखने संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही चाकू जब्त कर आरोपी के विरुद्ध चौकी सरई में आर्म्स एक्ट की धारा 25(बी) के तहत मामला दर्ज कर लिया। अपराध जमानती होने के कारण आरोपी को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 35 के तहत नोटिस देकर नियमानुसार रिहा किया गया।

इस कार्रवाई को सफल बनाने में रामप्रसाद सिंह मरावी और अनुराग सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध हथियार रखने वालों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि आमजन की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनी रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment