जमुना में शैलेंद्र शैली व्याख्यानमाला आयोजित, ‘आज की दुनिया और भारत’ विषय पर वक्ताओं ने रखे विचार

---Advertisement---

जमुना में शैलेंद्र शैली व्याख्यानमाला आयोजित, ‘आज की दुनिया और भारत’ विषय पर वक्ताओं ने रखे विचार

साम्राज्यवाद, आर्थिक नीतियों और जन आंदोलनों पर हुई चर्चा, 10 अगस्त के ‘जेल भरो आंदोलन’ को सफल बनाने का आह्वान

जमुना-कोतमा, अनूपपुर। जमुना-कोतमा क्षेत्र में 1 अगस्त को आयोजित शैलेंद्र शैली व्याख्यानमाला में देश-दुनिया की वर्तमान राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक परिस्थितियों पर विस्तृत चर्चा की गई। ‘आज की दुनिया और भारत’ विषय पर आयोजित इस सेमिनार में विभिन्न जनसंगठनों, मजदूर संगठनों तथा किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कोयला श्रमिक संघ के पूर्व अध्यक्ष महेश श्रीवास्तव ने की। मुख्य वक्ता सीटू के प्रदेश उपाध्यक्ष रामविलास गोस्वामी ने अपने संबोधन में वैश्विक राजनीति, साम्राज्यवाद, अंतरराष्ट्रीय संघर्षों और भारत की वर्तमान आर्थिक एवं विदेश नीति पर विस्तार से अपने विचार रखे।

उन्होंने कहा कि दुनिया के विभिन्न देशों में हो रहे संघर्षों और युद्धों के पीछे साम्राज्यवादी ताकतों की भूमिका लगातार बढ़ रही है। उन्होंने इराक, क्यूबा, फिलिस्तीन, ईरान और अन्य देशों के उदाहरण देते हुए कहा कि वैश्विक स्तर पर आर्थिक और राजनीतिक हितों को लेकर हस्तक्षेप बढ़ा है। उन्होंने भारत की वर्तमान आर्थिक और विदेश नीति की भी आलोचना करते हुए कहा कि व्यापारिक समझौतों तथा सार्वजनिक क्षेत्र के निजीकरण का असर किसानों, मजदूरों और छोटे कारोबारियों पर पड़ सकता है।

रामविलास गोस्वामी ने कहा कि देश में मजदूर, किसान, छात्र और युवा विभिन्न मुद्दों को लेकर आंदोलनरत हैं तथा लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संगठित संघर्ष की आवश्यकता है। उन्होंने हाल में हुए किसान आंदोलनों और श्रमिक आंदोलनों का उल्लेख करते हुए कहा कि संगठित जनसंघर्षों से सरकारों को निर्णय बदलने के लिए मजबूर होना पड़ा है।

उन्होंने बताया कि 28 और 29 जुलाई को आयोजित राष्ट्रीय कन्वेंशन में लिए गए निर्णयों के अनुसार 10 अगस्त को देशव्यापी ‘जेल भरो आंदोलन’ आयोजित किया जाएगा। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इस आंदोलन में भागीदारी करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन कोयला श्रमिक संघ के नेता एवं सीटू जिला महासचिव इंद्रपती सिंह ने किया। सेमिनार के समापन पर दिवंगत नेता शैलेंद्र शैली को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया गया तथा सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं मीरा खदान के पूर्व सचिव मोतीलाल का सम्मान किया गया। इस अवसर पर इंद्रपती सिंह ने 10 अगस्त को प्रस्तावित जेल भरो आंदोलन की रूपरेखा भी प्रस्तुत की।

कार्यक्रम के अंत में सीटू जिला अध्यक्ष रामू यादव ने सभी अतिथियों, प्रतिनिधियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

सेमिनार के बाद मजदूर चौक पर सभा आयोजित की गई, जहां प्रतिभागियों ने विभिन्न नारों के साथ 10 अगस्त के जेल भरो आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में देवेंद्र कुमार निराला, अनिल शर्मा, रामायण पटेल, दलवीर केवट, ओमप्रकाश राठौर सहित कोयला श्रमिक संघ, मध्यप्रदेश किसान सभा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका एकता यूनियन (सीटू) तथा अन्य जनसंगठनों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका रही। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए सैकड़ों श्रमिकों, किसानों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment