8 अगस्त को अनूपपुर में होगा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका यूनियन एटक का जिला सम्मेलन
प्रदेश अध्यक्ष गायत्री बाजपेयी और महामंत्री विभा पांडेय होंगी शामिल, नई जिला कमेटी का होगा गठन, निकलेगी रैली
अनूपपुर। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका यूनियन (एटक) मध्य प्रदेश का तीसरा जिला सम्मेलन 8 अगस्त 2026 को जिला मुख्यालय अनूपपुर में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस आयोजन में जिले के विभिन्न विकासखंडों से लगभग 100 प्रतिनिधि भाग लेंगे। सम्मेलन में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा, आगामी रणनीति पर विचार-विमर्श तथा अगले तीन वर्षों के लिए नई जिला कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा।
यूनियन की जिला अध्यक्ष अंजली श्रीवास्तव ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि सम्मेलन में भाग लेने के लिए यूनियन की प्रदेश अध्यक्ष कामरेड गायत्री बाजपेयी एवं प्रदेश महामंत्री कामरेड विभा पांडेय विशेष रूप से अनूपपुर पहुंचेंगी। दोनों प्रांतीय नेता सम्मेलन को संबोधित करते हुए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के अधिकार, संगठन की मजबूती तथा विभिन्न लंबित मांगों को लेकर मार्गदर्शन देंगी।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाले प्रतिनिधियों से अनुरोध किया गया है कि वे सुबह 11 बजे तक अनूपपुर पहुंचकर अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें। सम्मेलन के दौरान एक विशाल रैली भी निकाली जाएगी, जिसके माध्यम से संगठन अपनी एकजुटता और मांगों को जन-जन तक पहुंचाएगा।
सम्मेलन में जिला सचिव द्वारा पिछले तीन वर्षों के संगठनात्मक कार्यों, आंदोलनों, उपलब्धियों एवं आय-व्यय का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाएगा। इस रिपोर्ट पर उपस्थित प्रतिनिधि चर्चा करेंगे, सुझाव देंगे तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए आगामी कार्ययोजना तैयार करेंगे। इसके बाद लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत अगले तीन वर्षों के लिए नई जिला कमेटी का चुनाव एवं गठन किया जाएगा।
जिला अध्यक्ष अंजली श्रीवास्तव ने बताया कि यह सम्मेलन आगामी राज्य सम्मेलन की तैयारियों के दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण रहेगा। उन्होंने जानकारी दी कि 19 एवं 20 सितंबर 2026 को अमृत वाटिका, सतना में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका यूनियन (एटक) मध्य प्रदेश का दूसरा राज्य सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस राज्य स्तरीय सम्मेलन में अनूपपुर जिले से भी प्रतिनिधिमंडल भाग लेकर जिले की समस्याओं, मांगों एवं संगठनात्मक गतिविधियों का प्रतिनिधित्व करेगा।
उन्होंने जिले की सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं से अधिक से अधिक संख्या में सम्मेलन में भाग लेकर संगठन को मजबूत बनाने तथा अपने अधिकारों की आवाज बुलंद करने का आह्वान किया। सम्मेलन को लेकर जिले भर के कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और विभिन्न क्षेत्रों में इसकी तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।

















