‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को मिला जनसहभागिता का संबल: राजनगर में हरियाली उत्सव पर हुआ वृहद पौधारोपण
महाविद्यालय, छात्रावास और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में लगाए गए सैकड़ों पौधे, 12,700 पौधारोपण लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रही नगर परिषद

राजनगर। पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से नगर परिषद राजनगर (बनगांव) द्वारा शासन के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान एवं हरियाली उत्सव के तहत वार्ड क्रमांक-15 भलमुड़ी स्थित महाविद्यालय, छात्रावास एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में वृहद स्तर पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं, नगर परिषद कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों की सहभागिता से आयोजित इस कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक बड़ी संख्या में पौधे लगाए गए तथा उनके संरक्षण का भी संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष यशवंत सिंह, मुख्य नगर पालिका अधिकारी लखनलाल पनिका, लेखापाल राजेश मिश्रा, भारतीय जनता पार्टी मंडल अध्यक्ष कमलेश चतुर्वेदी, पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह, सांसद प्रतिनिधि मनोज सिंह, नवनिर्वाचित एल्डरमैन सुनीता सिंह एवं सुरेश गौतम, पंकज शर्मा, सचिन द्विवेदी, हरिलाल साकेत, महाविद्यालय के प्राध्यापक, छात्रावास के शिक्षक, छात्राएं, नगर परिषद के कर्मचारी तथा स्थानीय पत्रकार उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि पौधारोपण केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करे, तो पर्यावरण संरक्षण का यह अभियान एक जनआंदोलन का रूप ले सकता है। उन्होंने जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण और घटते हरित क्षेत्र को देखते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
नगर परिषद अध्यक्ष यशवंत सिंह ने कहा कि नगर परिषद लगातार हरित वातावरण के निर्माण के लिए कार्य कर रही है। शासन द्वारा नगर परिषद को 12,700 पौधों के रोपण का लक्ष्य दिया गया है, जिसके विरुद्ध अब तक 4,650 पौधों का सफलतापूर्वक रोपण किया जा चुका है। शेष लक्ष्य भी निर्धारित समयावधि में जनसहयोग से पूरा किया जाएगा।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी लखनलाल पनिका ने बताया कि नगर परिषद केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि उनके संरक्षण और नियमित देखरेख की भी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि लगाए गए पौधे भविष्य में बड़े वृक्ष बनकर पर्यावरण को समृद्ध कर सकें।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों ने पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण एवं स्वच्छ हरित नगर के निर्माण का संकल्प लिया। नगर परिषद द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान क्षेत्र में पर्यावरण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने भी नगर परिषद की इस पहल की सराहना करते हुए इसे हरित एवं स्वच्छ राजनगर की दिशा में एक सार्थक कदम बताया।
















