वार्ड पार्षद दयाशंकर यादव ने बच्चों को खीर खिलाकर दिया स्वस्थ जीवन का आशीर्वाद
मनेंद्रगढ़। वार्ड क्रमांक 13 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में गुरुवार को अन्नप्राशन संस्कार कार्यक्रम का आयोजन स्नेह और उत्साह के माहौल में किया गया। इस अवसर पर वार्ड पार्षद दयाशंकर यादव ने नन्हे बच्चों को अपने हाथों से खीर खिलाकर उनके जीवन के प्रथम अन्न ग्रहण संस्कार की शुरुआत कराई।साथ ही बच्चों के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पार्षद दयाशंकर यादव ने कहा कि बच्चों के जीवन में अन्नप्राशन संस्कार का विशेष महत्व है। यह केवल एक पारंपरिक संस्कार ही नहीं बल्कि शिशु के संतुलित पोषण और स्वस्थ विकास की दिशा में पहला कदम भी है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों और गर्भवती महिलाओं के पोषण और स्वास्थ्य संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।।कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरोज वैश्य, प्रेमा गुप्ता, सहायिका किरण वैश्य तथा वार्ड की सम्मानित महिलाएं शांति सिंह, किरण सिंह और अनीता गुप्ता मौजूद रहीं। सभी ने बच्चों को स्नेहपूर्वक खीर खिलाकर उन्हें आशीर्वाद दिया तथा माताओं को बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारियां भी दीं।
कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों ने आंगनबाड़ी केंद्र की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन भारतीय संस्कृति से जुड़ाव बनाये रखने के साथ-साथ बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पूरे आयोजन का वातावरण आत्मीयता, उल्लास और पारिवारिक सौहार्द से परिपूर्ण रहा।



































