कोरिया को मिले नये पुलिस कप्तान

---Advertisement---

हरीश राठौर ने संभाली कमान

 

बैकुण्ठपुर/कोरिया। जिले के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर (भा.पु.से.) ने सोमवार 13 जुलाई 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय बैकुण्ठपुर पहुंचकर कोरिया जिले के 23वें पुलिस अधीक्षक के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के साथ ही उन्होंने जिले की कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा जनकेंद्रित पुलिसिंग को प्राथमिकता देने का संदेश दिया।

पदभार ग्रहण करने के बाद पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालयीन व्यवस्थाओं, लंबित प्रकरणों, अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था, विभागीय कार्यप्रणाली और जिले की वर्तमान पुलिसिंग व्यवस्था की विस्तृत जानकारी अधिकारियों से प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रकरणों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाये तथा आम जनता की शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्यवाही की जाये।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर ने कहा कि जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाये रखना, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना, आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना तथा पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि पुलिस और आमजन के बीच विश्वास और बेहतर समन्वय स्थापित कर जनहित में प्रभावी, पारदर्शी और जवाबदेह पुलिसिंग को और अधिक मजबूत किया जायेगा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने, अनुशासन बनाये रखने और जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने का आह्वान किया साथ ही अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही और कानून का निष्पक्ष पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक के पदभार ग्रहण करने के अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित जिले के राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और पुलिस विभाग के अधिकारियों कर्मचारियों ने उनका आत्मीय स्वागत करते हुए शुभकामनाएं दीं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment