सिंहस्थ-2028 की तैयारियां तेज: अनूपपुर पुलिस के विशेष प्रशिक्षण के छठवें बैच का समापन, भीड़ नियंत्रण से लेकर CPR तक मिली ट्रेनिंग

अनूपपुर। आगामी सिंहस्थ-2028 महापर्व को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल बनाने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार आयोजित विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम के छठवें बैच का शनिवार को पुलिस लाइन अनूपपुर में सफलतापूर्वक समापन हुआ। छह दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला पुलिस बल एवं विशेष सशस्त्र बल के कुल 24 अधिकारी एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें विशाल धार्मिक आयोजनों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आपात परिस्थितियों से निपटने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने संबंधी आधुनिक तकनीकों का सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण में भीड़ नियंत्रण, आपदा प्रबंधन, अग्निशमन, प्राथमिक उपचार, सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन), जल बचाव, संचार व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं के प्रति संवेदनशील एवं व्यवहारिक दृष्टिकोण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों ने विस्तृत जानकारी दी। अंतिम दिन मेडिकल टीम द्वारा प्राथमिक उपचार एवं सीपीआर का व्यावहारिक प्रशिक्षण देकर आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता प्रदान करने के तरीके सिखाए गए।
समापन समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगनाथ मरकाम मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सिंहस्थ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन में पुलिस की भूमिका केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं होती, बल्कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सेवा, संवेदनशीलता और बेहतर समन्वय भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने भीड़ प्रबंधन, आपदा से निपटने की तैयारी, यातायात व्यवस्था और विभिन्न विभागों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन पुलिस लाइन अनूपपुर में रक्षित निरीक्षक ज्योति दुबे के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान और कौशल का प्रभावी उपयोग करते हुए सिंहस्थ-2028 महापर्व के सफल आयोजन में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।
विशेष बात यह रही कि प्रशिक्षण प्राप्त सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों ने सिंहस्थ-2028 में ड्यूटी करने की इच्छा व्यक्त करते हुए महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा और सुरक्षा के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प भी लिया।



































