दो साल से फरार धोखाधड़ी का आरोपी गुजरात से गिरफ्तार
भालूमाड़ा पुलिस की कार्रवाई, एसआईटी और साइबर सेल की मदद से दबोचा गया, न्यायालय ने भेजा जेल
अनूपपुर। जिले की भालूमाड़ा पुलिस ने धोखाधड़ी के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को गुजरात से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जिला जेल अनूपपुर भेज दिया गया। आरोपी के विरुद्ध निवेशकों से धोखाधड़ी और अमानत में खयानत सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज था।
पुलिस के अनुसार भालूमाड़ा थाना में दर्ज अपराध क्रमांक 350/2024 एवं 400/2024 में आरोपी लंबे समय से फरार था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीम को गुजरात के गोधरा भेजा गया।
पुलिस टीम ने साइबर सेल की तकनीकी सहायता और सूझबूझ से कार्रवाई करते हुए आरोपी अल्कित मालीवाड को गोधरा (गुजरात) से गिरफ्तार कर अनूपपुर लाया। शनिवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जिला जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि इसी प्रकरण में इससे पहले आरोपी का साथी उमेश कांतिलाल पटेल, निवासी चांदखेड़ा (अहमदाबाद, गुजरात) को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। मामले में अन्य बिंदुओं पर भी जांच जारी है।
इस कार्रवाई में डी.एस. बागरी, कमलेश सिंह चौहान, मोहित राणा, अभिषेक राजपूत, राजेन्द्र अहिरवार और पंकज मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




































