एनटीए की कार्यप्रणाली और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर एसएफआई का प्रदर्शन

---Advertisement---

एनटीए की कार्यप्रणाली और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर एसएफआई का प्रदर्शन

बरबसपुर के अंबेडकर चौक पर सभा आयोजित, छात्र हितों की रक्षा के लिए आंदोलन तेज करने की चेतावनी

अनूपपुर। छात्र संगठन स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) द्वारा शुक्रवार 3 जुलाई को बरबसपुर स्थित अंबेडकर चौक पर राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की कार्यप्रणाली के विरोध तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर सभा का आयोजन किया गया। सभा में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, युवा, महिलाएं एवं विभिन्न जनसंगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

सभा का संचालन सीटू के जिला अध्यक्ष रामू यादव ने किया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश किसान सभा जिला समिति अनूपपुर के अध्यक्ष दलवीर केवट, सीटू के जिला महासचिव इंद्रपती सिंह तथा माकपा के जिला सचिव रमेश सिंह राठौर ने उपस्थित विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से अपनी बात रखी।

वक्ताओं ने कहा कि देश की परीक्षा प्रणाली में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि एनटीए की कार्यप्रणाली को पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने की आवश्यकता है। वक्ताओं ने कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।

सभा में वक्ताओं ने छात्रों की समस्याओं के शीघ्र समाधान, परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक स्वरूप दिया जाएगा।

सभा के अंत में रामू यादव ने कार्यक्रम में शामिल सभी छात्र-छात्राओं, युवाओं, महिलाओं एवं जनसंगठनों के प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि छात्र हितों की रक्षा के लिए संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। धन्यवाद ज्ञापन के साथ सभा की कार्यवाही समाप्त की गई।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment