अवैध रेत और गिट्टी परिवहन पर खनिज विभाग की कार्यवाही, 5 ट्रैक्टर जब्त

---Advertisement---

कलेक्टर के निर्देश पर खड़गवां और मनेन्द्रगढ़ क्षेत्र में चला सघन जांच अभियान, खनिज अधिनियम के तहत होगी वैधानिक कार्यवाही

एमसीबी। जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से कलेक्टर के निर्देशानुसार खनिज विभाग लगातार कार्यवाही कर रहा है। इसी क्रम में जिला खनिज उड़नदस्ता दल ने खड़गवां और मनेन्द्रगढ़ क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाते हुए अवैध रूप से रेत और गिट्टी का परिवहन कर रहे पांच ट्रैक्टरों को जब्त किया है।

खनिज विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 जुलाई 2026 को तहसील खड़गवां के ठग्गांव क्षेत्र में सघन जांच के दौरान बिना वैध दस्तावेजों के गिट्टी का परिवहन कर रहे दो ट्रैक्टर और रेत का अवैध परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर को पकड़ा गया। कार्यवाही के बाद तीनों वाहनों को अग्रिम वैधानिक कार्यवाही के लिये थाना खड़गवां की अभिरक्षा में सुरक्षित रखा गया है।

इसके अतिरिक्त मनेन्द्रगढ़ क्षेत्र में भी उड़नदस्ता दल द्वारा की गई जांच के दौरान रेत और गिट्टी का अवैध परिवहन करते पाये गये दो अन्य ट्रैक्टरों को जब्त किया गया। इन वाहनों को कलेक्ट्रेट परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया गया है जहां आवश्यक दस्तावेजी और वैधानिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। खनिज विभाग ने बताया कि जब्त किये गये सभी पांच वाहनों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्यवाही की जायेगी। दोषी पाये जाने पर संबंधित प्रावधानों के अनुसार जुर्माना और अन्य वैधानिक कार्यवाही भी की जायेगी।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। अवैध खनिज उत्खनन, भंडारण और परिवहन के विरुद्ध जिलेभर में अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्यवाही की जायेगी। प्रशासन ने खनिज कारोबार से जुड़े लोगों से अपील की है कि वे केवल वैध अनुमति और आवश्यक दस्तावेजों के साथ ही खनिजों का उत्खनन और परिवहन करें। अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाये जाने पर संबंधित व्यक्तियों और वाहनों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment