खेत विवाद में मारपीट का आरोप, कार्रवाई नहीं होने पर अनशन व आत्मदाह की चेतावनी

---Advertisement---

खेत विवाद में मारपीट का आरोप, कार्रवाई नहीं होने पर अनशन व आत्मदाह की चेतावनी

अनूपपुर। जिले के ग्राम बिजौड़ी निवासी दो विधवा महिलाओं ने खेत विवाद में मारपीट और पुलिस द्वारा समय पर उचित कार्रवाई नहीं किए जाने का आरोप लगाते हुए गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत सौंपकर न्याय की मांग की है। महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं हुई तो वे अनूपपुर के सामतपुर तालाब स्थित हनुमान मंदिर के पास दो दिन का अनशन करेंगी। इसके बाद भी न्याय नहीं मिलने पर आत्मदाह करने की बात कही है।
आवेदन के अनुसार, प्रार्थिया गीता यादव एवं राजेश्वरी यादव ने बताया कि उनकी कृषि भूमि पर नरेंद्र यादव, वीरेंद्र यादव, प्रकाश यादव, मनोज यादव, दुर्गा यादव और सुधीर यादव जबरन जोताई कर रहे थे। विरोध करने पर आरोपियों ने कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। महिलाओं का आरोप है कि इस दौरान जान से मारने की धमकी भी दी गई। उनका कहना है कि घटना का वीडियो भी उनके पास मौजूद है।
पीड़ित महिलाओं ने आरोप लगाया कि शिकायत दर्ज कराने के लिए पहले वे महिला थाना अनूपपुर पहुंचीं, जहां उन्हें कोतवाली जाने की बात कहकर वापस भेज दिया गया। इसके बाद वे कोतवाली अनूपपुर पहुंचीं, लेकिन पूरे दिन शिकायत दर्ज नहीं की गई। उनका कहना है कि रात करीब 8 बजे उनकी शिकायत तो दर्ज की गई, लेकिन उनकी बातों को संतोषजनक ढंग से दर्ज नहीं किया गया। उन्होंने थाने के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने की भी मांग की है।
महिलाओं ने आवेदन में यह भी कहा है कि आरोपितों ने उन्हें धमकी दी कि उनके घर में कोई पुरुष नहीं है, इसलिए वे उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकतीं। साथ ही भविष्य में उनके साथ किसी भी अप्रिय घटना की जिम्मेदारी आरोपियों की होगी।
पीड़िताओं ने पुलिस अधीक्षक से आरोपितों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई, गिरफ्तारी तथा उनकी भूमि से कथित कब्जा हटवाकर न्याय दिलाने की मांग की है। मामले को लेकर गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत किया गया है। पुलिस की ओर से आवेदन पर जांच के बाद आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment