अवैध रेत से भरा ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, 5.05 लाख रुपये का मशरूका पकड़ा; आरोपी चालक पर मामला दर्ज
✍️ अयोध्या बी.एल. सिंह
अनूपपुर। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिजुरी पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रेत से भरा ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किया। पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम एवं एसडीओपी आरती शाक्य के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार शनिवार को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि थाना क्षेत्र में बिना वैध अनुमति के रेत का अवैध परिवहन किया जा रहा है।सूचना मिलते ही बिजुरी पुलिस ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए भगता कॉलेज के पास छतई कोठी मुख्य मार्ग पर घेराबंदी की। घेराबंदी के दौरान एक लाल रंग का ट्रैक्टर-ट्रॉली आता दिखाई दिया, जिसे रोककर जांच की गई। जांच के दौरान ट्रॉली में रेत भरी हुई मिली।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम नोहर सिंह (19), निवासी मझौली बताया। जब पुलिस ने रेत परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, तो वह कोई अनुमति पत्र या अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। दस्तावेज न होने पर पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को विधिवत जब्त कर थाना परिसर में खड़ा कराया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध रेत सहित ट्रैक्टर-ट्रॉली कुल 5 लाख 5 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया। आरोपी के विरुद्ध धारा 303(2), 317(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं धारा 4/21 खनिज अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विकास सिंह, उपनिरीक्षक प्रदीप अग्निहोत्री, प्रधान आरक्षक गोपाल सिंह तथा आरक्षक रामनिवास गुर्जर, विश्वजीत मिश्रा और प्रभाकर त्रिपाठी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बिजुरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन और परिवहन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से साफ संकेत है कि प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



































