चिरमिरी से शुरू हुआ जिला स्तरीय पल्स पोलियो अभियान, महापौर और सीएमएचओ ने बच्चों को पिलाई जीवनरक्षक ‘दो बूंद’

---Advertisement---

 

542 बूथों पर चल रहा टीकाकरण अभियान, अगले दो दिन घर-घर जाकर छूटे बच्चों को पिलाई जायेगी पोलियो की खुराक

 

एमसीबी/चिरमिरी। राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान के अंतर्गत रविवार को चिरमिरी में जिला स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में चिरमिरी नगर पालिक निगम के महापौर राम नरेश राय और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे ने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की जीवनरक्षक ‘दो बूंद’ पिलाकर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने अधिक से अधिक बच्चों तक अभियान पहुंचाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. राजेंद्र राय, बीएमओ डॉ. मनीष सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक शिशिर जायसवाल, आयुष्मान आरोग्य मंदिर के नोडल अधिकारी अवनीश पाण्डेय, बीपीएम राजकुमार रजवाड़े, पार्षद मनीष खटीक, नरेंद्र साहू, रीत जैन और अस्पताल प्रबंधक वीरेंद्र साव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं स्वास्थ्य अधिकारी उपस्थित रहे।

 

*जिले में बनाये गये 542 पोलियो बूथ*

 

स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि जिले में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के उद्देश्य से कुल 542 पोलियो बूथ स्थापित किये गये हैं। अभियान जिले के सभी विकासखंडों और शहरी क्षेत्रों में संचालित किया जा रहा है। पहले दिन बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जा रही है जबकि अगले दो दिनों तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को दवा पिलायेगी जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच सके।

 

*सीएमएचओ ने की अभिभावकों से अपील*

 

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे ने कहा कि भारत को पोलियो मुक्त बनाये रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य जिले के 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि यदि कोई बच्चा पहले दिन छूट जाता है तो स्वास्थ्य विभाग की टीमें अगले दो दिनों तक घर-घर जाकर उसे दवा पिलायेगी। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान ना दें और अपने बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं।

 

*महापौर ने कहा – हर बच्चे तक पहुंचे सुरक्षा की दो बूंद*

 

महापौर राम नरेश राय ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों की सुरक्षा के लिये पल्स पोलियो अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर जीवनरक्षक ‘दो बूंद’ अवश्य पिलवाएं ताकि हर बच्चा इस बीमारी के खतरे से दूर रहे। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और स्वास्थ्य स्वयंसेवक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूरे जिले में अभियान को सफल बनाने के लिये स्वास्थ्य विभाग द्वारा व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की गई हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

October 12, 2026

October 12, 2026

October 12, 2026

October 12, 2026

October 12, 2026

October 12, 2026

Leave a Comment