स्वच्छता अभियान को बच्चों की रचनात्मकता से मिला नया आयाम
सीसीएल की ‘स्वच्छता ऑन कैनवास’ चित्रकला प्रतियोगिता में 30 स्कूलों के 180 से अधिक विद्यार्थियों ने उकेरा स्वच्छ भारत का सपना
रांची, 28 जून। स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति नई पीढ़ी को जागरूक बनाने के उद्देश्य से सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत आयोजित ‘स्वच्छता ऑन कैनवास’ चित्रकला प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को नई उड़ान दी। कलाकृति स्कूल ऑफ आर्ट्स, डोरंडा में आयोजित इस प्रतियोगिता में रांची के 30 प्रतिष्ठित विद्यालयों के 180 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रंग-बिरंगी चित्रकृतियों के माध्यम से स्वच्छ भारत और हरित भारत का प्रभावी संदेश दिया।
प्रतियोगिता का आयोजन चार आयु वर्गों में किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने ‘स्वच्छ भारत-हरित भारत’, ‘मेरा स्वप्न स्वच्छ भारत’, ‘स्वच्छता ही सेवा’, ‘स्वच्छ सड़कें-स्वस्थ जीवन’ तथा ‘स्वच्छता ईश्वर के निकट है’ जैसे विषयों पर आकर्षक चित्र प्रस्तुत किए। बच्चों की कल्पनाशीलता और सामाजिक सरोकार से परिपूर्ण चित्रों ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा नागरिक कर्तव्यों के प्रति उनकी सकारात्मक सोच को जीवंत रूप से प्रदर्शित किया।
कार्यक्रम में सीसीएल के सीएसआर विभाग की प्रबंधक पूजा प्रसाद एवं प्रबंधक चंदन कुमार ने विद्यार्थियों की चित्रकृतियों का अवलोकन कर उनकी रचनात्मक क्षमता की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों में स्वच्छता के संस्कार विकसित करना समाज के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है और कला इसके लिए सबसे प्रभावी माध्यमों में से एक है।
इस अवसर पर कलाकृति स्कूल ऑफ आर्ट्स के निदेशक एवं वरिष्ठ कलाकार धनंजय कुमार सहित संस्थान के सभी शिक्षक एवं प्रशिक्षक भी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कला समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का सशक्त माध्यम है और ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करती हैं।
प्रतियोगिता के परिणाम भी घोषित किए गए। ग्रुप-ए में प्रशांत रजवार, ग्रुप-बी में विवान शौर्य, ग्रुप-सी में आर्यन मालाकार तथा ग्रुप-डी में भूमिका दत्ता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सभी विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जबकि प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र एवं रंग सामग्री प्रदान कर उनका उत्साह बढ़ाया गया।
गौरतलब है कि 16 से 30 जून तक चल रहे स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के तहत सीसीएल विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन कर रहा है। इसी कड़ी में आयोजित यह चित्रकला प्रतियोगिता विद्यार्थियों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक दायित्व के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल साबित हुई। सीसीएल का उद्देश्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छ भारत अभियान को जन-जन तक पहुंचाना और समाज में स्वच्छता के प्रति स्थायी जागरूकता विकसित करना है।




































