ग्राम कोटमी अहिरान मोहल्ला में ट्रांसफार्मर खराब, ग्रामीण परेशान
रिपोर्ट हरी प्रसाद यादव
कोतमा /गर्मी की भीषण झुलसा देने वाली धूप में अनूपपुर जिले के विद्युत वितरण केंद्र कोतमा अंतर्गत ग्राम पंचायत धुरवासिन स्थित ग्राम कोटमी के अहिरान मोहल्ला के निवासियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। यहां का 100 केवी का ट्रांसफार्मर खराब हो जाने से पूरे मोहल्ले की बिजली गुल हो गई है, जिससे सैकड़ों उपभोक्ता परेशान हैं।
जानकारी के मुताबिक, यह ट्रांसफार्मर पूरे टोला-मोहल्ले को रोशनी देता था। ट्रांसफार्मर खराब होते ही लाइनमैन मौके पर पहुंचे और सुधार करने का प्रयास किया, लेकिन यह पूरी तरह से खराब हो चुका था, जिसकी वजह से मरम्मत संभव नहीं हो सकी। इसके चलते अहिरान मोहल्ले में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है।
इस बिजली संकट का सबसे बुरा असर आम ग्रामीणों पर पड़ रहा है। गर्मी के मौसम में बिना बिजली के पंखे, कूलर और पानी की मोटरें बेकार पड़ी हैं। खासकर गर्मी के दिनों में पंखा, कूलर और सबमर्सिबल मोटर-पंप न चलने से लोगों को दोहरी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।




































