सीएमओएआई एसईसीएल शाखा के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने ली शपथ

---Advertisement---

 

सीएमओएआई एसईसीएल शाखा के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने ली शपथ

अधिकारियों के हितों के साथ कंपनी की प्रगति में निभाएं रचनात्मक भूमिका : निदेशक (मानव संसाधन)

बिलासपुर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के वसंत विहार स्थित वसंत क्लब में शनिवार को कोल माइन्स ऑफिसर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सीएमओएआई) की एसईसीएल शाखा के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में अधिकारियों एवं एसोसिएशन के सदस्यों की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नई टीम अधिकारियों के हितों की रक्षा के साथ-साथ संगठन और कंपनी की उन्नति में सकारात्मक, रचनात्मक एवं समन्वयकारी भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि स्वस्थ संवाद और बेहतर कार्य संस्कृति किसी भी संस्थान की प्रगति की आधारशिला होती है तथा अधिकारी संगठन इस दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।

समारोह के दौरान सीएमओएआई एसईसीएल शाखा के अध्यक्ष आशीष त्यागी, उपाध्यक्ष तिलकराज एवं अजय पंडित, महासचिव आलोक खुल्लर, संयुक्त महासचिव डॉ. अनु नेहा एवं डॉ. सुमित कृष्णन, कोषाध्यक्ष अनुप रहाटे तथा संयुक्त कोषाध्यक्ष अजय गुप्ता ने अपने-अपने पदों की शपथ ग्रहण कर संगठन के प्रति निष्ठापूर्वक कार्य करने का संकल्प लिया।

गौरतलब है कि सीएमओएआई एसईसीएल शाखा के चुनाव के तहत 6 जून 2026 को एसईसीएल मुख्यालय तथा 7 जून को विभिन्न क्षेत्रीय इकाइयों में मतदान कराया गया था। इसके बाद 8 जून 2026 को चुनाव परिणाम घोषित किए गए, जिसमें नई कार्यकारिणी का गठन हुआ।

शपथ ग्रहण समारोह में एसईसीएल के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न क्षेत्रों से आए अधिकारीगण तथा सीएमओएआई के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान नवगठित कार्यकारिणी का स्वागत किया गया और संगठन को अधिक प्रभावी एवं सशक्त बनाने की दिशा में सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प दोहराया गया। समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment