आकाशीय बिजली से मासूम की मौत, छात्रा ने फांसी लगाकर दी जान
24 घंटे में दो दर्दनाक घटनाओं से अनूपपुर में शोक, पुलिस ने शुरू की जांच
कोयलांचल समाचार
रिपोर्टर : शशिधर अग्रवाल

अनूपपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र में 24 घंटे के भीतर हुई दो अलग-अलग दर्दनाक घटनाओं ने पूरे जिले को झकझोर दिया। एक ओर आकाशीय बिजली गिरने से 14 वर्षीय बालक की मौत हो गई, वहीं दूसरी ओर किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही 20 वर्षीय छात्रा ने अज्ञात कारणों से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों मामलों में कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के बिजौड़ी गांव के यादव मोहल्ला निवासी राम नरेश यादव का 14 वर्षीय पुत्र रिसफ कुमार यादव शुक्रवार शाम घर के पास आम के पेड़ के नीचे गिरे आम बीन रहा था। इसी दौरान तेज आंधी-तूफान और बारिश के बीच पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से बालक की मौके पर ही मौत हो गई।
दूसरी घटना अनूपपुर नगर के वार्ड क्रमांक 9 स्थित बिहारी कॉलोनी की है। यहां भारत राठौर के मकान में किराए से रह रही ग्राम केकरपानी निवासी पवन सिंह की 20 वर्षीय पुत्री गायत्री सिंह मार्को ने शुक्रवार और शनिवार की मध्यरात्रि अज्ञात कारणों से अपने कमरे में दुपट्टे का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। गायत्री पिछले दो वर्षों से अपनी चार सहेलियों के साथ रहकर पढ़ाई कर रही थी।
दोनों घटनाओं की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। परिजनों की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई पूरी कर दोनों शवों का जिला चिकित्सालय अनूपपुर में पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिए गए। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है।




































