दीक्षा महिला मंडल, बीसीसीएल द्वारा आयोजित दो-दिवसीय ‘टैलेंट कार्निवल – 2026’ का भव्य शुभारंभ

---Advertisement---

दीक्षा महिला मंडल, बीसीसीएल द्वारा आयोजित दो-दिवसीय ‘टैलेंट कार्निवल – 2026’ का भव्य शुभारंभ

धनबाद के स्कूली विद्यार्थियों ने नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों से बाँधा समां, प्रतिभा और रचनात्मकता का हुआ शानदार प्रदर्शन

धनबाद एवं आसपास के क्षेत्रों के स्कूली विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने तथा उन्हें अपनी कला, कौशल एवं सृजनात्मक अभिव्यक्ति के प्रदर्शन हेतु एक सशक्त एवं प्रभावी मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दीक्षा महिला मंडल, बीसीसीएल द्वारा आयोजित दो-दिवसीय ‘टैलेंट कार्निवल-2026’ का आज कम्युनिटी हॉल कोयला नगर में भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के प्रथम दिवस आयोजित विभिन्न नृत्य प्रतियोगिताओं में धनबाद एवं आसपास के क्षेत्रों के 25 से अधिक स्कूलों के छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी आकर्षक एवं मनमोहक प्रस्तुतियों से उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम में निर्णायक (जज) के रूप में कोलकाता की सुप्रसिद्ध मंच कलाकार एवं नृत्य विशेषज्ञ सुश्री प्रियाशा हलदार तथा श्री तुहिन चटर्जी उपस्थित रहे। दोनों निर्णायकों ने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का निष्पक्ष एवं कुशल  मूल्यांकन किया तथा विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर दीक्षा महिला मंडल की सम्मानित सदस्याएं , बीसीसीएल शीर्ष प्रबंधन, कोयला भवन मुख्यालय एवं विभिन्न क्षेत्रीय कार्यालयों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभागी छात्र-छात्राएँ, प्राचार्यगण, संगीत एवं नृत्य शिक्षक, अभिभावक तथा अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में दीक्षा महिला मंडल अध्यक्ष श्रीमती अर्चना अग्रवाल, उपाध्यक्ष श्रीमती पूर्बिता रमैया, श्रीमती रंजना सिंह, श्रीमती नीता कुमार सहित दीक्षा महिला मंडल की सभी सम्मानित सदस्याओं एवं विभिन्न क्षेत्रीय महिला समितियों की पदाधिकारीगण एवं सदस्याओं ने अपनी सक्रिय सहभागिता की।

इस अवसर पर सीएमडी बीसीसीएल श्री मनोज कुमार अग्रवाल, निदेशक (मानव संसाधन) श्री मुरली कृष्ण रमैया, निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री संजय कुमार सिंह, निदेशक (वित्त) श्री राजेश कुमार, निदेशक (तकनीकी/परियोजना एवं योजना) श्री राजीव कुमार सिन्हा सहित कोयला भवन मुख्यालय के महाप्रबंधकगण, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, क्षेत्रीय महाप्रबंधक, अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी, प्रतिभागी विद्यार्थी तथा उनके अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन, राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ तथा कोल इंडिया कॉर्पोरेट गीत के की गई। मुख्य अतिथि सीएमडी बीसीसीएल, श्री मनोज कुमार अग्रवाल, बीसीसीएल निदेशकगण, विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्यों तथा प्रतियोगिता निर्णायकगण सुश्री प्रियाशा हलदार एवं श्री तुहिन चटर्जी का दीक्षा महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती अर्चना अग्रवाल एवं अन्य पदाधिकारियों द्वारा स्वागत एवं सम्मान किया गया, जिसके उपरांत  प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ हुआ।

स्वागत संबोधन

स्वागत संबोधन में दीक्षा महिला मंडल अध्यक्ष श्रीमती अर्चना अग्रवाल ने कहा कि दीक्षा महिला मंडल सदैव समाज के विभिन्न वर्गों, विशेषकर बच्चों एवं युवाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने तथा उनके सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने कहा कि आयोजित कार्यक्रम महज एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में सहज अभिव्यक्ति, अनुशासन, सृजनात्मकता तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का एक सार्थक मंच है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह आयोजन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास तथा उनकी कला को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा उन्हें उत्कृष्टता प्राप्त करने हेतु प्रेरित करेगा।

सीएमडी का संबोधन

अपने संबोधन में सीएमडी बीसीसीएल श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने दीक्षा महिला मंडल द्वारा आयोजित इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियाँ विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसी प्रतियोगिताएँ बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, टीम भावना तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना का विकास करती हैं। उन्होंने इस आयोजन की सफलता के लिए दीक्षा महिला मंडल की सभी सदस्याओं, आयोजन समिति, सहभागी विद्यालयों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को बधाई दी और विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा को नई पहचान दिलाने का सार्थक माध्यम बनेंगे।

प्रतिभागियों ने दी शानदार प्रस्तुतियाँ

कार्यक्रम के दौरान स्कूली छात्रों ने सोलो डांस (क्लासिकल), सोलो डांस (फ्री-स्टाइल) तथा ग्रुप डांस (फ्री-स्टाइल) श्रेणियों में अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी का दिल जीत लिया। प्रतिभागियों ने शिव तांडव, भरतनाट्यम, कथक, पौराणिक प्रसंगों पर आधारित नृत्य-नाटिकाओं तथा बॉलीवुड एवं प्रेरणादायी गीतों पर आकर्षक प्रस्तुतियाँ दी जिसकी सभी ने भरपूर सराहना की। छात्रों ने अपनी भाव-भंगिमाओं, मंच संचालन, अभिव्यक्ति एवं कलात्मक प्रस्तुति ने सभी को मंत्र-मुग्ध कर दिया। हालाँकि प्रतियोगिता में छात्राओं का बोलबाला अधिक रहा और अधिकांश प्रस्तुतियां छात्राओं की रही। विदित हो कि आंतरिक चयन के पश्चात सभी स्कूलों द्वारा आज के ऑडिशन के लिए अपने श्रेष्ठ प्रतिभागी छात्रों के नाम अग्रसारित किए गए थे।

इन विद्यालयों ने लिया भाग

प्रतियोगिता में डीपीएस, डीएवी, कार्मेल स्कूल, सरस्वती विद्या मंदिर, अपर्णा पब्लिक स्कूल, धनबाद पब्लिक स्कूल, के.के. पब्लिक स्कूल, डी.वाई. पाटिल इंटरनेशनल स्कूल, सूर्यदेव सिंह स्मृति गुरुकुलम, सिम्बायोसिस स्कूल, कोयलांचल स्कूल ऑफ लर्निंग, किड्स गार्डन सेकेंडरी स्कूल, नेहरू बालिका उच्च विद्यालय सहित धनबाद के 25 से अधिक प्रतिष्ठित स्कूलों के छात्रों ने भाग लिया। कार्यक्रम का बीसीसीएल अधिकारिक यू-टयूब चैनल पर सीधा प्रसारण हुआ। इस दौरान प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के विभिन्न प्रतिनिधि मौजूद रहे।

प्रतियोगिताओं का क्रम रहेगा जारी

कार्यक्रम के प्रथम दिवस कक्षा VI से X तक के विद्यार्थियों ने सोलो क्लासिकल, सोलो फ्री-स्टाइल एवं ग्रुप डांस (फ्री-स्टाइल) प्रतियोगिताओं में अपनी प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के द्वितीय दिवस 28 जून को ग्रुप डांस (क्लासिकल) एवं सोलो सिंगिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसके उपरांत पुरस्कार वितरण समारोह के साथ दो-दिवसीय कार्यक्रम का औपचारिक समापन किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि दीक्षा महिला मंडल, बीसीसीएल द्वारा धनबाद एवं आसपास के क्षेत्रों में समय-समय पर शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, बाल विकास, स्वास्थ्य जागरूकता, कौशल विकास, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक कल्याण से जुड़े विविध कार्यक्रमों एवं जनहितकारी पहलों का सफलतापूर्वक आयोजन किया जाता रहा है। इसी श्रृंखला में आयोजित ‘टैलेंट कार्निवल-2026’ स्कूली विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचान देने, उनकी रचनात्मक क्षमता को प्रोत्साहित करने तथा उन्हें आत्मविश्वास के साथ अपनी कला का प्रदर्शन करने हेतु एक महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायी पहल सिद्ध हो रहा है।

कार्यक्रम का संचालन श्रीमती आभा मिश्रा तथा श्रीमती गीता साहा ने संयुक्त रूप से किया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment