बेहतर व्यवस्थाएं, समर्पित चिकित्सक और सुलभ उपचार से बढ़ा लोगों का विश्वास
मनेन्द्रगढ़। कभी सीमित संसाधनों के कारण चुनौतियों का सामना करने वाला मनेन्द्रगढ़ का 220 बिस्तरीय शासकीय चिकित्सालय अब क्षेत्र के लोगों के लिये भरोसे का प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र बनकर उभर रहा है। अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन 500 से अधिक मरीज उपचार के लिये पहुंच रहे हैं जो सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति बढ़ते विश्वास का स्पष्ट संकेत है।
अस्पताल में मरीजों की लगातार बढ़ती संख्या इस बात का प्रमाण है कि यहां मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाएं लोगों की अपेक्षाओं पर खरी उतर रही हैं। सामान्य बीमारियों से लेकर विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श, जांच सुविधाएं और आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता के कारण दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के लोग भी अब निजी अस्पतालों की बजाय मनेन्द्रगढ़ चिकित्सालय का रुख कर रहे हैं।
प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री और मनेन्द्रगढ़ विधायक श्याम बिहारी जायसवाल के नेतृत्व में क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता और सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के लिये लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। समय-समय पर अस्पताल की व्यवस्थाओं की समीक्षा और आवश्यक निर्देशों का असर अब अस्पताल की कार्यप्रणाली में स्पष्ट दिखाई देने लगा है। चिकित्सालय में पदस्थ डॉक्टर पूरी संवेदनशीलता और सेवा भावना के साथ मरीजों का उपचार कर रहे हैं। ओपीडी से लेकर वार्ड तक मरीजों को समय पर चिकित्सकीय परामर्श और इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है वहीं नर्सिंग स्टाफ, लैब तकनीशियन, फार्मासिस्ट, वार्ड बॉय, सफाई कर्मचारी और अन्य स्वास्थ्य कर्मी भी अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि यहां चिकित्सकों का व्यवहार सकारात्मक है। उपचार समय पर मिल रहा है और अधिकांश आवश्यक जांच और दवाइयां भी उपलब्ध हैं। यही कारण है कि अस्पताल में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इसी तरह संसाधनों का विस्तार और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं जारी रहीं तो मनेन्द्रगढ़ का 220 बिस्तरीय चिकित्सालय ना केवल एमसीबी जिले बल्कि पूरे सरगुजा संभाग के प्रमुख सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में अपनी मजबूत पहचान स्थापित करेगा।



































