कोयला मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत बीसीसीएल में 16 जून से 30 जून तक आयोजित किए जा रहे ‘स्वच्छता पखवाड़ा’ के तहत आज ‘प्रोटेक्ट बिफोर यू कनेक्ट’ थीम पर साइबर स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार, साइबर सुरक्षा तथा ऑनलाइन माध्यमों के जिम्मेदार उपयोग के प्रति जागरूक करना था।
मुख्यालय स्तर पर कल्याण भवन (एचआरडी बीसीसीएल) में आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में कोयला भवन मुख्यालय एवं विभिन्न क्षेत्रों के ईआरपी तथा सिस्टम विभाग के लगभग 30 अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को साइबर स्वच्छता, डिजिटल सुरक्षा, सुरक्षित कार्यप्रणालियों तथा ऑनलाइन माध्यमों के सुरक्षित उपयोग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गईं। कार्यक्रम में सिस्टम विभाग, कोयला भवन के उप प्रबंधक श्री राजीव कुमार तथा श्री अविनाश कुमार नंदन ने बतौर ट्रेनर प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रदान किया। कार्यक्रम का संचालन प्रबंधक (खनन/प्रभारी एमडीडी) श्री सुमित कुमार ने किया।
इसी क्रम में पूर्वी झरिया क्षेत्र में भी ‘साइबर स्वच्छता एवं साइबर हाइजीन’ विषय पर जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। सत्र के दौरान साइबर अपराध, फिशिंग तथा ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के विभिन्न उपायों एवं आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई। इस अवसर पर उप प्रबंधक (मानव संसाधन) श्री संतोष कुमार एवं श्री अभिषेक कुमार ने प्रतिभागियों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने तथा साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही बीसीसीएल के अन्य क्षेत्रों में भी स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत निर्धारित कार्यक्रमों के अनुरूप जागरूकता एवं स्वच्छता संबंधी गतिविधियाँ संचालित की गईं।
उल्लेखनीय है कि बीसीसीएल में 16 जून से प्रारंभ ‘स्वच्छता पखवाड़ा’ के अंतर्गत अब तक स्वच्छता शपथ एवं जागरूकता कार्यक्रम, चिकित्सालयों में विशेष स्वच्छता अभियान, तालाबों, जल स्रोतों एवं कॉलोनियों की साफ-सफाई, झाड़ियों एवं अनावश्यक वनस्पतियों की कटाई, वर्षा जल संचयन प्रणालियों का निरीक्षण, सिग्नेचर अभियान, सार्वजनिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान, परियोजना विद्यालयों में चित्रकला प्रतियोगिताएँ तथा पौधारोपण अभियान जैसी विभिन्न गतिविधियाँ सफलतापूर्वक आयोजित की जा चुकी हैं। इसी क्रम में आज साइबर स्वच्छता जागरूकता सत्र के माध्यम से सुरक्षित डिजिटल कार्य संस्कृति एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता को और सुदृढ़ किया गया।
स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत आगामी दिनों में स्वच्छता रैली तथा धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।



































