स्वच्छता पखवाड़ा: एसईसीएल मुख्यालय में चला विशेष सफाई अभियान, अधिकारियों-कर्मचारियों ने किया श्रमदान

बिलासपुर। स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) मुख्यालय, बिलासपुर में बुधवार को विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। अभियान में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नारी शक्ति ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर श्रमदान किया और स्वच्छ एवं स्वस्थ कार्यस्थल के निर्माण का संदेश दिया।
अभियान में निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास तथा निदेशक तकनीकी (परियोजना एवं योजना) रमेश चन्द्र महापात्र के साथ विभागाध्यक्षों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने मुख्यालय परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। प्रतिभागियों ने श्रमदान के माध्यम से स्वच्छ वातावरण को स्वस्थ जीवन और बेहतर कार्य संस्कृति का आधार बताते हुए नियमित स्वच्छता अपनाने का संकल्प लिया।
एसईसीएल प्रबंधन का उद्देश्य केवल कार्यालय परिसरों तक ही स्वच्छता सीमित रखना नहीं, बल्कि कर्मचारियों और आमजन के बीच भी स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इसी उद्देश्य से 16 जून से 30 जून 2026 तक आयोजित स्वच्छता पखवाड़ा के दौरान मुख्यालय सहित कंपनी के विभिन्न संचालन क्षेत्रों में सफाई अभियान, जनजागरूकता कार्यक्रम, श्रमदान, स्वच्छता शपथ एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
प्रबंधन ने कहा कि स्वच्छता पखवाड़ा के माध्यम से कर्मचारियों में स्वच्छ कार्यस्थल, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। अभियान के दौरान सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान भी किया गया।




































