मनेन्द्रगढ़। शहर में स्वास्थ्य जागरूकता और वैकल्पिक चिकित्सा पद्धतियों के प्रति बढ़ती रुचि के बीच आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई है। राजस्थान भवन में संचालित योग धारा कार्यक्रम में कांसा थाली एक्यूप्रेशर मशीन से लोगों को मिल रहे सकारात्मक अनुभवों को देखते हुए बालाजी मेडिकल स्टोर्स के संचालक विजय अग्रवाल ने अपने प्रतिष्ठान में इस विशेष मशीन की व्यवस्था की है।
पंजाब नेशनल बैंक के सामने स्थित बालाजी मेडिकल स्टोर्स में स्थापित कांसा थाली एक्यूप्रेशर मशीन का विधिवत उद्घाटन नगर के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता श्याम सुंदर पोद्दार, अशोक बोंदिया सहित अनेक वरिष्ठ नागरिक, समाजसेवी और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर बताया गया कि कांसा थाली एक्यूप्रेशर मशीन शरीर के विभिन्न बिंदुओं पर दबाव देकर रक्त संचार को सक्रिय करने और शरीर को आराम पहुंचाने में सहायक मानी जाती है। इसके उपयोग से लोगों को मधुमेह, उच्च रक्तचाप, जोड़ों और मांसपेशियों के दर्द जैसी समस्याओं में राहत का अनुभव होने की बात सामने आई है साथ ही यह शरीर की ऊर्जा के संतुलन और समग्र स्वास्थ्य संवर्धन में भी उपयोगी बताई जा रही है। मशीन का उपयोग कर चुके कई लोगों ने अपने सकारात्मक अनुभव साझा किये हैं जिससे शहर में इसके प्रति उत्सुकता बढ़ी है।
उद्घाटन समारोह में उपस्थित अतिथियों ने कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरी जीवनशैली में स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियां लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे समय में योग, प्राकृतिक चिकित्सा और एक्यूप्रेशर जैसी वैकल्पिक पद्धतियां लोगों को स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित कर रही हैं। उन्होंने विजय अग्रवाल द्वारा शुरू की गई इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि इससे शहरवासियों को स्वास्थ्य लाभ के लिये एक अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध होगा।
बालाजी मेडिकल स्टोर्स के संचालक विजय अग्रवाल ने बताया कि उनका उद्देश्य केवल दवाइयों की उपलब्धता तक सीमित नहीं है बल्कि लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना भी है। उन्होंने कहा कि इच्छुक नागरिक मेडिकल स्टोर्स पहुंचकर मशीन के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं तथा इसका लाभ ले सकते हैं। शहर में स्वास्थ्य संवर्धन और जनजागरूकता की दिशा में किये गये इस प्रयास को नागरिकों ने सराहनीय बताते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यों की अपेक्षा व्यक्त की है।




































