कोयला मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत बीसीसीएल में 16 जून से 30 जून तक आयोजित किए जा रहे ‘स्वच्छता पखवाड़ा’ के तहत आज कंपनी द्वारा कोयला नगर स्थित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। इस दौरान कोयला भवन मुख्यालय के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्वच्छता कर्मियों ने सामूहिक श्रमदान कर परिसर की व्यापक साफ-सफाई की तथा स्वच्छ सार्वजनिक स्थलों एवं जनभागीदारी के महत्व का संदेश दिया।
अभियान में महाप्रबंधक (श्रमशक्ति नियोजन) श्री अर्पण घोष, विभागाध्यक्ष (प्रशासन) श्री मनीष मिश्रा, विभागाध्यक्ष (कल्याण) श्रीमती किरण रानी नायक, वरीय प्रबंधक (असैनिक) श्री हिमांशु नांगल, प्रबंधक (मानव संसाधन/प्रशासन) श्री सौरभ कुमार सिंह, प्रबंधक (मानव संसाधन/श्रमशक्ति) श्री सुधांशु लाहिड़ी, प्रबंधक (सेक्रेटेरियल) श्री दयानंद पासवान सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मियों ने सक्रिय सहभागिता की। सभी ने सामूहिक श्रमदान के माध्यम से शॉपिंग कॉम्प्लेक्स परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता को सामाजिक दायित्व एवं दैनिक जीवन की आदत के रूप में अपनाने का संदेश दिया।

इसी क्रम में स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत वाशरी डिवीजन कार्यालय के पाँच चिन्हित स्थलों पर कूड़ा-कचरा न फैलाने संबंधी एंटी-लिटरिंग नोटिस लगाए गए। इस पहल का उद्देश्य अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन के बीच स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने के प्रति जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहित करना है।
उल्लेखनीय है कि बीसीसीएल में 16 जून से प्रारंभ ‘स्वच्छता पखवाड़ा’ के अंतर्गत अब तक स्वच्छता शपथ एवं जागरूकता कार्यक्रम, चिकित्सालयों में विशेष स्वच्छता अभियान, तालाबों, जल स्रोतों, पानी टंकियों एवं कॉलोनियों की साफ-सफाई, झाड़ियों एवं अनावश्यक वनस्पतियों की कटाई, वर्षा जल संचयन प्रणालियों के निरीक्षण तथा सिग्नेचर अभियान जैसी विभिन्न गतिविधियाँ सफलतापूर्वक आयोजित की जा चुकी हैं। इसी क्रम में आज आयोजित स्वच्छता अभियान के माध्यम से सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता एवं सामुदायिक सहभागिता को और सुदृढ़ किया गया।
स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत आगामी दिनों में चित्रकला प्रतियोगिता, स्वच्छता प्रशिक्षण, पौधारोपण अभियान, साइबर स्वच्छता जागरूकता सत्र, स्वच्छता रैली तथा धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।




































